गया-किऊल रेल लाइन पर आज 8 घंटे का मेगा ब्लॉक, 4 ट्रेनें रद्द, गया-हावड़ा समेत कई ट्रेन डायवर्ट
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 09 Jun 2026 10:11 AM
गया-किऊल रूट पर रहेगा मेगा ब्लॉक.
Gaya Kiul Rail Route: गया-किऊल रेल लाइन पर आज आठ घंटे के मेगा ब्लॉक के कारण रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी. चार मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है. गया-हावड़ा और गया-कामाख्या एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है.
गया से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya Kiul Rail Route: नवादा और तिलैया स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक की मरम्मत और कुछ तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए आज यानी मंगलवार को 8 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा. रेल प्रशासन से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह ब्लॉक सुबह 9:30 बजे से लेकर शाम को 5:30 बजे तक जारी रहेगा.
जानिए…किस ट्रेन को किया गया रद्द
इस मेगा ब्लॉक की वजह से चार मेमू पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से कैंसिल कर दिया गया है. लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है. जिन पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमें ट्रेन नंबर 63355 किऊल-गया, ट्रेन नंबर 63315 झाझा-गया, ट्रेन नंबर 63316 गया-झाझा और ट्रेन नंबर 63322 गया-किऊल मेमू पैसेंजर शामिल हैं. इन ट्रेनों के न चलने से नवादा, शेखपुरा, किऊल, झाझा और गया के बीच रोज आने-जाने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और आम जनता को भारी किल्लत झेलनी पड़ेगी.
पटना के रास्ते डायवर्ट हुई गया-हावड़ा ट्रेन
रेलवे ट्रैक पर ब्लॉक के कारण एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदले गए हैं. गया जंक्शन से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस मंगलवार जहानाबाद, पटना, मोकामा और किऊल रेलवे स्टेशन होते हुए हावड़ा के लिए जाएगी. इस बदलाव के कारण नवादा और तिलैया स्टेशन से चढ़ने वाले यात्रियों को इस ट्रेन की सुविधा नहीं मिल सकेगी.
जमालपुर-गया फास्ट पैसेंजर एक बदले मार्ग से चली
मंगलवार को जमालपुर जंक्शन से खुलने वाली गाड़ी संख्या 63387 जमालपुर-गया फास्ट पैसेंजर को भी परिवर्तित मार्ग से चलाया गया. यह ट्रेन शेखपुरा जंक्शन, बरबीघा, बिहार शरीफ जंक्शन, राजगीर और तिलैया जंक्शन होते हुए गया पहुंची. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह परिवर्तन केवल एक ट्रिप के लिए किया गया है. नियमित परिचालन में कोई स्थायी बदलाव नहीं किया गया है.मार्ग परिवर्तन के कारण बरबीघा और राजगीर मार्ग के यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ मिला.
टिकट रद्द कराने से यात्रियों को हुआ आर्थिक नुकसान
गया-हावड़ा एक्सप्रेस के परिचालन में बदलाव की जानकारी मिलने के बाद कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी.यात्रियों ने बताया कि उन्हें जरूरी कार्यों के लिए समय पर गंतव्य तक पहुंचना था, लेकिन मार्ग परिवर्तन के कारण यात्रा अवधि प्रभावित होने की आशंका थी.इसके चलते कई लोगों ने टिकट कैंसिल करा दिये.यात्रियों के अनुसार केवल मंगलवार को ही लगभग पांच हजार रुपये मूल्य के टिकट रद्द कराएं गये हैं.इससे यात्रियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा.
घर से निकलने से पहले लाइव स्टेटस चेक करें
वापस लौटते समय हावड़ा की तरफ से आने वाली ट्रेन संख्या 13023 हावड़ा-गया एक्सप्रेस अपने पुराने और तय रास्ते से ही गया पहुंचेगी. इसके साथ ही गया-कामाख्या एक्सप्रेस के रूट में भी फेरबदल किया गया है, यह ट्रेन भी जहानाबाद के रास्ते आगे बढ़ेगी.
रेल अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और मेंटेनेंस के लिए समय-समय पर ऐसे टेम्पररी बदलाव किए जाते हैं. उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे घर से निकलने या रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें.
Gayaji News : रेलवे का ‘कवच’ और मजबूत: डीडीयू मंडल के 163 किमी रूट पर शुरू हुआ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










