Gaya Ji News: राष्ट्रपति पुरस्कार पाने वाले गया के दो युवा बने ‘MY Bharat Youth Icon’

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 24 May 2026 9:09 PM

विज्ञापन

मैक्स कुमार और शैलेन्द्र कुमार

Gaya Ji News: गया जिले के शैलेन्द्र कुमार और मैक्स कुमार को भारत सरकार के MY Bharat प्लेटफॉर्म के तहत “माय भारत युवा आइकॉन” चुना गया है.

विज्ञापन

Gaya Ji News(उदय शंकर): भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) प्लेटफॉर्म के तहत गया जिले के दो युवा शैलेन्द्र कुमार और मैक्स कुमार को “माय भारत युवा आइकॉन” चुना गया है. यह उपलब्धि गया जिला और बिहार के युवाओं के लिए गर्व की बात है.

शैलेन्द्र कुमार और मैक्स कुमार दोनों ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई जगजीवन महाविद्यालय, गया जी से पूरी की है. पढ़ाई के दौरान ही दोनों युवा भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से जुड़े और समाज सेवा, स्वच्छता अभियान, शिक्षा, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे.

सम्मानित किया गया

उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए शैलेन्द्र कुमार को वर्ष 2022 में तथा मैक्स कुमार को वर्ष 2023 में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित NSS राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.

शैलेन्द्र कुमार गया जिले के नीमचक बथानी प्रखंड के खुखरी गांव के निवासी हैं, जबकि मैक्स कुमार टिकारी क्षेत्र से आते हैं. दोनों युवाओं की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है.

क्या है MY Bharat प्लेटफॉर्म

मेरा युवा भारत (MY Bharat) भारत सरकार का एक आधुनिक “फिजिटल” (डिजिटल + भौतिक) मंच है, जिसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना है. यह मंच युवाओं को कौशल विकास, मेंटरशिप, स्वयंसेवा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का कार्य करता है.

गया में खुशी का माहौल

गया के इन दोनों युवाओं के चयन पर जिले में खुशी का माहौल है. सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और युवाओं ने इसे युवा शक्ति और समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बताया है.

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन