Gaya Ji News: बोधगया की सुरक्षा हुई हाईटेक, 120 सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
Published by : Vikas Jha Updated At : 24 May 2026 9:17 PM
120 कैमरों से हो रही निगरानी बोधगया की निगरानी
Gaya Ji News: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 120 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. एयरपोर्ट क्षेत्र से महाबोधि मंदिर और राजापुर मोड़ तक हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
Gaya Ji News (कलेंद्र प्रताप की रिपोर्ट): अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 120 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. नगर पर्षद की ओर से मुख्य सड़कों और प्रमुख स्थलों पर कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से दिन-रात गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
नगर पर्षद क्षेत्र के गया-डोभी रोड में एयरपोर्ट क्षेत्र के खरांटी से लेकर दोमुहान तक कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा दोमुहान से महाबोधि मंदिर, कालचक्र मैदान, बर्मा मोड़, गांधी चौक, पच्छट्टी मोड़, बकरौर मोड़, नीमा मोड़ और राजापुर मोड़ तक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी हो रही है.
नगर पर्षद कार्यालय और थाने में लगाया गया पैनल
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मॉनिटरिंग के लिए बोधगया नगर पर्षद कार्यालय और बोधगया थाना में विशेष पैनल लगाए गए हैं. यहां से लगातार कैमरों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पहले लगे कई कैमरे खराब हो चुके थे. फिलहाल 100 नए कैमरे लगाए गए हैं और कुल 120 कैमरों से बोधगया की मुख्य सड़कों पर नजर रखी जा रही है.
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है बोधगया
बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कैमरों की मदद से प्रमुख स्थलों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. गौरतलब है कि वर्ष 2013 में महाबोधि मंदिर समेत कई स्थानों पर सिलेंडर बम विस्फोट हुए थे, जबकि 2018 में भी मंदिर क्षेत्र में बम प्लांट किए गए थे. उन मामलों की जांच में सीसीटीवी फुटेज काफी सहायक साबित हुए थे.\
Also Read: Gaya Ji News: राष्ट्रपति पुरस्कार पाने वाले गया के दो युवा बने ‘MY Bharat Youth Icon’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










