पुलिसवाला बन कर ठगों ने उड़ाये पांच लाख रुपये के जेवर, दिनदहाड़े वारदात

गया-खिजरसराय मुख्य मार्ग स्थित रामपुर मठियापर गांव के पास मंगलवार दोपहर पुलिस बनकर ठगों ने एक ईंट भट्ठा संचालक से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण ठग लिये.

मानपुर. गया-खिजरसराय मुख्य मार्ग स्थित रामपुर मठियापर गांव के पास मंगलवार दोपहर पुलिस बनकर ठगों ने एक ईंट भट्ठा संचालक से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण ठग लिये. बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गये. पीड़ित सत्येंद्र प्रसाद वर्मा ने बुनियादगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने बताया कि वह बाइक से अपने ईंट-भट्ठा के कार्य से जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आये दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और खुद को स्थानीय थाना की पुलिस बताते हुए कहा कि इस मार्ग पर लूट की घटनाएं हो रही हैं, इसलिए जेवर उतारकर सुरक्षित रख लें. बदमाशों ने झांसा देकर उनके गले से 32 ग्राम की चेन और पांच ग्राम की अंगूठी उतरवा ली. इसके बाद आभूषण को कागज में लपेटकर वापस कर दिया, जबकि असली जेवर की जगह नकली सामान थमा दिया. कुछ दूर जाने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके. ट्रेनी डीएसपी सौरभ ने बताया कि मामले की तहकीकात जारी है और जल्द ही ठगों को पकड़ लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ROHIT KUMAR SINGH

ROHIT KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >