ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा जख्मी

बाराचट्टी बाजार के समीप सड़क हादसा, ट्रक पुलिस के हवाले

बाराचट्टी बाजार के समीप सड़क हादसा,

ट्रक पुलिस के हवाले

प्रतिनिधि, बाराचट्टी.

बाराचट्टी बाजार के समीप अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान बाराचट्टी थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी अभिमन्यु शर्मा के पुत्र रोहित कुमार (20) के रूप में की गयी है. घायल युवक बाराचट्टी बाजार निवासी मनोज कुमार बताया गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनोज कुमार को इलाज के लिए बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया. ट्रक की टक्कर लगते ही रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि मनोज कुमार बुरी तरह घायल हो गया. बताया गया कि मृतक रोहित कुमार अपने पिता का छोटा पुत्र था. उसके पिता अभिमन्यु शर्मा बढ़ई मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी बाराचट्टी बाजार के समीप सड़क दुर्घटना में बलथर गांव के एक युवक की मौत हो गयी थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये थे. वहीं, एक अन्य घटना में बाइक की चपेट में आने से बाराडीह गांव निवासी कृष्णा ठाकुर घायल हो गये. उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. बाराचट्टी थाना प्रभारी अमरेंद्र किशोर ने बताया कि सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जीटी रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जिम्मेदार है. सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और अंडरपास का निर्माण नहीं होने के कारण आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ROHIT KUMAR SINGH

ROHIT KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >