हरिदास सेमिनरी प्लस टू में बनेगा परीक्षा भवन

20,000 वर्ग फुट में पांच मंजिली होगी बिल्डिंग अगले साल तक निर्माण कार्य पूरा होगा गया/जहानाबाद : गया शहर स्थित हरिदास सेमिनरी प्लस टू स्कूल परिसर में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का प्रमंडलीय परीक्षा भवन बनाने का काम शुरू हो गया है. इसे जून 2018 तक पूरा होने […]

20,000 वर्ग फुट में पांच मंजिली होगी बिल्डिंग

अगले साल तक निर्माण कार्य पूरा होगा
गया/जहानाबाद : गया शहर स्थित हरिदास सेमिनरी प्लस टू स्कूल परिसर में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का प्रमंडलीय परीक्षा भवन बनाने का काम शुरू हो गया है. इसे जून 2018 तक पूरा होने का लक्ष्य है. इसमें मैट्रिक व इंटर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा की व्यवस्था होगी. निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियरों ने बताया कि 20,000 वर्ग फुट में बिल्डिंग बनेगी. यह बिल्डिंग ग्राउंड फ्लोर मिला कर पांच मंजिला होगी. सभी फ्लोर पर 24 मीटर लंबे व 18 मीटर चौड़े दो-दो हॉल बनाये जायेंगे. इनमें एक स्टेज भी होगा, जहां से एक वीक्षक भी परीक्षार्थियों पर नजर रख सकेंगे. एक फ्लोर की ऊंचाई 3.750 मीटर होगी, जो सामान्य मकान के फ्लोर (तीन मीटर) से अधिक है.
पहली लिफ्टयुक्त होगी यह सरकारी बिल्डिंग. गया शहर स्थित किसी भी सरकारी बिल्डिंग में लिफ्ट की सुविधा नहीं है. लेकिन, पांच मंजिला बन रहे परीक्षा भवन की ऊंचाई काफी अधिक होने के कारण इसमें तीन लिफ्ट लगाये जाने की योजना है. बिल्डिंग हवादार बनेगी, ताकि किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो. इस बिल्डिंग में पर्याप्त जगह दी गयी है.
सीएम ने किया शिलान्यास. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना से ही सूबे के नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में बननेवाले परीक्षा भवनों का शिलान्यास किया. इसमें गया में बनाये जा रहे परीक्षा भवन भी शामिल है. लेकिन, लोकसेवकों की लालफीताशाही का आलम यह है कि उक्त शिलान्यास कार्यक्रम की जानकारी डीएम कुमार रवि और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) ठाकुर मनोरंजन प्रसाद को नहीं थी. दोनों अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शिलान्यास कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी थी.
पांच वर्ष पहले जगह का हुआ था चयन.
जिला शिक्षा कार्यालय के मुताबिक, परीक्षा भवन बनाने जाने की घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वित्तीय वर्ष 2011-12 में की थी. उस वक्त जिला शिक्षा पदाधिकारी बीके झा थे. मुख्यालय द्वारा परीक्षा भवन बनाने को लेकर जिला प्रशासन को स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया था. तत्कालीन डीइओ ने हरिदास सेमिनरी स्कूल परिसर में परीक्षा भवन के स्थल चयन किया था. इसके बाद यह मामला फाइलों में दब गया. लेकिन, 2016 में इंटर टॉपर्स घोटाला उजागर होने के बाद सरकार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को लेकर सक्रिय हुई, तो परीक्षा भवन बनानेवाली फाइल फिर से खुली.
क्षेत्रीय कार्यालय गया में
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बोर्ड) का क्षेत्रीय कार्यालय गया शहर के चंदौती मोड़ (विद्युत ग्रिड की ओर) स्थित भुनेश्वर प्रसाद यादव नामक एक व्यक्ति के मकान में खुला है. बोर्ड के सचिव ने गया शाखा के उपसचिव प्रवीण कुमार सिंह व प्रशाखा पदाधिकारी विपिन कुमार की पोस्टिंग की है. साथ ही, प्रशाखा पदाधिकारी गणेश चक्रवर्ती, सहायक शिवपूजन कुमार, सहायक लिपिक रशीदुल हक, इंट्री ऑपरेटर अभिषेक कुमार, प्रमोद कुमार, आइटी ब्वॉय वीरेंद्र कुमार पासवान व सिद्धि ठाकुर को तैनात किया गया है.
बोर्ड ने अपने कार्यालय के लिए 18 सौ वर्ग फुट में किराये पर मकान लिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >