पुलिस ने दर्ज किया मामला, छानबीन शुरू
गया : चोरों ने मुख्य मार्ग एन रोड तुलसी मार्केट स्थित एक बंद घर का ताला तोड़ कर लाखों के जेवरात समेत हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घर के मालिक को घटना की सूचना मिली तो वह बेंगलुरु से वापस गया को लौटे व अपने घर का जायजा लिया. पता चला कि घर में रखे हुए सोने के सारे जेवरात व 50000 रुपये चोरी हो गये हैं.
संबंधित मामले में मकान मालिक ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. थाने में मकान मालिक मनोज कुमार द्वारा की गयी शिकायत में कहना है कि वह चार फरवरी को बेंगलुरु को रवाना हुए थे. पांच फरवरी की सुबह भतीजे गौरव का फोन आया व उसने बताया कि घर का ताला तोड़ कर चोरों ने सारे सामान चुरा लिये हैं. इस बात की जानकारी मिलते ही वह बेंगलुरू से गया के लिए चल दिये
.
गया पहुंचे और जब घर की हालत देखी तो सकते में पड़ गये. घर के मेन दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था. सभी कमरे केे सामान अस्त- व्यस्त पड़ा था. कोना-कोना खंगाला हुआ था. जिस कमरे का ताला नहीं टूटा चोरों ने उसे कटर से काट दिया गया. दूसरे कमरे की कुंडी ही उखाड़ दी गयी थी. पूरे घर की छानबीन के बाद पता चला कि चोर सारे जेवरात व नकदी ले गये. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना का जायजा लिया. साथ ही चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.
ताला लगा कर घर के सभी सदस्य गये थे बेंगलुरु
चोरी गये जेवरात
नामसंख्या
सोने की चेन2
सोने का टाॅप्स2
सोने की चूड़ी4
सोने की अंगूठी3
बिछिया5
महज 500 कदम की दूरी पर रात में खड़ी रहती है पुलिस: एन रोड (दुखहरणी) शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है. इस मार्ग पर रात में भी आम लोगों का आना-जाना बना रहता है. खासकर मानपुर से आने वाले जाने वाले लोग जिन्हें स्टेशन आना या जाना होता है. वह इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं. किरानी घाट पेट्रोल पंप के निकट देर रात तक पुलिस की टीम खड़ी रहती है. वह आने-जानेवाले वाहनों व लोगों से पूछताछ भी कभी-कभी करती है. बावजूद इसके चोर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्स्था को धता बताते हुए प्रमुख मार्ग पर चोरी की घटना को अंजाम देकर आसानी से निकल गये.
एक सप्ताह में चोरी की दूसरी वारदात : बीते एक सप्ताह के भीतर शहर के दो इलाकों में चोरी की घटना हुई है. घटना तब हुई जब घर के सभी सदस्य बाहर गये थे. सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित नूतन नगर के रहनेवाले प्रोफेसर डॉ दिलीप केसरी के घर उसी रात चोरी हुई, जिस दिन वे अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए पटना गये हुए थे. कुछ इसी तर्ज पर एन रोड स्थित मनोज कुमार के यहां भी चोरी की घटना हुई है. सवाल यह है कि घर को बंद कर जानेवालों की खबर आखिर चोरों तक कौन पहुंचाता है?
