गया : 14 फरवरी यानी वेलेंटाइन डे से शुरू होनेवाली इंटर परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन चौकस है. मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, डीजीपी पीके ठाकुर व बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसइबी) के अध्यक्ष (आइएएस) आनंद किशोर ने शुक्रवार को डीआइजी सौरभ कुमार, डीएम कुमार रवि, एसएसपी गरिमा मलिक व जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) ठाकुर मनोरंजन प्रसाद के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिंग की. मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा की तैयारियों में चूक नहीं हाेनी चाहिए. संसाधनों में कोई कमी नहीं हो, इस बाबत समय रहते विभिन्न मदों में खर्च होनेवाले रुपयों का आकलन कर लें. परीक्षा प्रभावित हुई, तो संबंधित अधिकारी को बख्शा नहीं जायेगा.
तैयारी में नहीं होगी कोई चूक : डीइओ
डीइओ ठाकुर मनोरंजन प्रसाद ने बताया कि एक बेंच पर दो परीक्षार्थी बैठेंगे. टेंट में या दरी पर परीक्षार्थियों को नहीं बैठाया जायेगा. परीक्षा केंद्र पर निर्धारित परीक्षार्थियों की क्षमता का अाकलन किया जायेगा. तैयारी में कोई चूक नहीं होगी.
500 परीक्षार्थी पर एक वीडियोग्राफर
डीइओ ने बताया कि 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर व 25 परीक्षार्थी पर एक-एक वीक्षक की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है. केंद्र के अंदर व बाहर भी वीडियोग्राफर तैनात रहेंगे. धारा 144 का हर हाल में पालन होगा.
