गया : शहर के कटारी हिल रोड स्थित शांति निकेतन एकेडमी में बुधवार को ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना बड़े ही हर्षोल्लास के साथ की गयी. आकर्षक तरीके से सजाये गये कैंपस में मां सरस्वती की भव्य प्रतिमा स्थापित कर बच्चों व शिक्षकों ने मंत्रोच्चार के साथ मां से ज्ञान व बुद्धि के लिए आशीष मांगा. इस दौरान वर दे, वीणावादिनी वर दे! प्रिय स्वतंत्र-रव अमृत-मंत्र नव भारत में भर दे!..खूब गूंजा. स्कूल के डायरेक्टर हरि प्रपन्न ने कहा कि बुद्धि के विकास का श्रेय शिक्षा को है, इसलिए मां सरस्वती को शिक्षा, कला व ज्ञान की देवी कहा जाता है. मां सरस्वती की पूजा से बच्चे मानसिक रूप से मजबूत व दृढ़ संकल्पित होते हैं.
इस मौके पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ नवनीत निश्चल, डीएवी पब्लिक स्कूल खगड़िया के प्राचार्य सीएम सिंह, श्रम अधीक्षक राकेश रंजन, डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सतीश कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ क्रांति किशोर व फिजिशियन डॉ नीरज कुमार सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.
मदर प्राइड व ज्ञान भारती ग्लोबल स्कूल में हुई पूजा
चाणक्यपुरी कॉलोनी स्थित मदर प्राइड स्कूल व बेलागंज के ओर स्थित ज्ञान भारती ग्लाेबल स्कूल (जीबीजीएस) में बुधवार को धूमधाम से सरस्वती पूजा मनायी गयी. स्कूल के डायरेक्टर विनीत कुमार, जीबीजीएस की प्राचार्या रजनी वर्मा, शिक्षक श्यामनंदन शर्मा व अन्य शिक्षकों ने ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना की और प्रसाद का वितरण किया. इस मौके पर डायरेक्टर ने छात्रों से अच्छी पढ़ाई-लिखाई कर अपना व जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया.
गीत संगीत का हुआ कार्यक्रम : दया प्रकाश सरस्वती विद्या मंदिर में मां शारदा की पूजा. शहर के माड़नपुर स्थित दया प्रकाश सरस्वती विद्या मंदिर के परिसर में बुधवार को वैदिक रीति रिवाज के साथ मां शारदा की पूजा-अर्चना की गयी. इस मौके पर विद्यालय में गीत-संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया.
