दो ट्रकों के बीच पिसा जैन श्रद्धालुओं का जत्था, तीन माताओं की मौत
गया/बाराचट्टी: गया जिला स्थित जीटी राेड पर बाराचट्टी-डाेभी के बीच कंचननगर गांव के पास गुरुवार की दोपहर बाद करीब सवा दाे बजे जैन श्रद्धालुओं का पैदल जत्था दो ट्रकों के बीच पिस गया. इस दर्दनाक हादसे में जत्थे में शामिल तीन जैन माताओं सहित चार लोगों की मौत हो गयी और तीन ठेला चलानेवाले गंभीर […]
गया/बाराचट्टी: गया जिला स्थित जीटी राेड पर बाराचट्टी-डाेभी के बीच कंचननगर गांव के पास गुरुवार की दोपहर बाद करीब सवा दाे बजे जैन श्रद्धालुओं का पैदल जत्था दो ट्रकों के बीच पिस गया. इस दर्दनाक हादसे में जत्थे में शामिल तीन जैन माताओं सहित चार लोगों की मौत हो गयी और तीन ठेला चलानेवाले गंभीर रूप से घायल हाे गये. घायलों को बाराचट्टी पीएचसी में इलाज के बाद मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया. उक्त जत्था जैन मुनि श्री चैत्यसागर जी महाराज के नेतृत्व में झारखंड के पारसनाथ सम्मेद शिखरजी से गया आ रहा था. जैन श्रद्धालुआें के साथ उनका सामान ढाेने के लिए चार ठेला चलानेवाले भी थे. मरनेवालों में एक ठेलाचालक भी है.
जानकारी के मुताबिक, पारसनाथ सम्मेद शिखरजी से चल कर बुधवार की रात जैन श्रद्धालुआें के पैदल जत्थे ने गया जिले के बाराचट्टी में विश्राम किया. इसके बाद गुरुवार की सुबह गया शहर के लिए कूच किया. उनके साथ दो ठेलों पर उनका सामान लेकर चार ठेलाचालक भी चल रहे थे. इस बीच, रास्ते में कंचननगर के पास पहले से सड़क के किनारे एक ट्रक खड़ा था. पैदल चलते हुए जैन समाज के लोग व सामान से भरे दोनों ठेले इस ट्रक के पीछे पहुंचे, तो उनके पीछे से एक कंटेनर (एचआर 38 वी-7364) तेज गति से आया और जैन माताओं व दोनों ठेलाचालकों को रौंदते हुए उक्त खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी.
इस भीषण हादसे में तीन जैन माताओं अयाेध्यामती माता जी, शरद पूर्णिमामती, श्रीमती माताजी व एक ठेलाचालक की मौके पर ही जान चली गयी, जबकि तीन ठेलाचालक गंभीर रूप घायल हो गये. वहीं, सामान से भरे दोनों ठेले क्षतिग्रस्त हो गये. ठेलाचालकाें में बांध चेरकी निवासी ठकुरी महताे (40) की माैत हाे गयी. अन्य तीन घायल हाे गये. इनमें बांध चेरकी गांव के ही महेश सूरी व दिगंबर सिंह के अलावा झारखंड के पीर राेड (गिरिडीह) के रहनेवाले आेमप्रकाश सिंह शामिल हैं. हादसे का जिम्मेवार कंटेनर चालक मौके से भाग निकला.
कंटेनर काे पुलिस ने घटनास्थल से जब्त कर लिया है. घटना की खबर पाकर गया से जैन समाज के सचिव हेमंत कुमार पाटनी, अर्पित जैन, आशीष जैन समेत अन्य लाेग मौके पर पहुंचे और घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कंटेनर चालक पर कार्रवाई की मांग की. वहीं, शेरघाटी डीएसपी, एसडीआे, बाराचट्टी की पुलिस, बीडीआे समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन की.