वजीरगंज: वजीरगंज-गया-नवादा मुख्य मार्ग पर दखिनगांव के निकट कोचिंग से घर को लौट रहे छात्र की बस की चपेट में आने से मौत हो गयी. मृतक सातवां क्लास का छात्र था. छात्र की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर जाम हटाया.
मिली जानकारी के मुताबिक कारी पंचायत के खजुरी टोला अांबेडकरनगर निवासी सुनील शर्मा का 13 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार उर्फ गोलू अपनी चचेरी बहन के साथ एक ही साइकिल पर सवार होकर कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर वापस घर लौट रहा था. इस बीच विपरीत दिशा से आ रही एक बस ने गोलू की साइकिल को सामने से टक्कर मार दी. इससे साइकिल पर बैठी गोलू की बहन विभा कुमारी सड़क किनारे नाली में गिर गयी और गोलू बस के नीचे फंसा रह गया. घटना का एहसास होते ही बस चालक बस को मौके से तेजी से भगा ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के दौरान गोलू की साइकिल बस में फंसी रह गयी थी, जो करीब 500 मीटर दूर नहर के निकट निकल सकी. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग गोलू व उसकी बहन को सीएचसी वजीरगंज ले गये जहां चिकित्सक ने गोलू को मृत घोषित कर दिया. विभा का इलाज वजीरगंज अस्पताल में किया गया.
गोलू के मौत की खबर पर क्षेत्रीय लोग आक्रोशित हो गये. ग्रामीणों ने दखिनगांव के निकट सड़क को जाम कर दिया. मामले की जानकारी मिलते ही वजीरगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. गोलू के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया. इधर, सड़क जाम को देखते हुए बीडीओ प्रियदर्शी राजेश एवं थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुट गये. करीब दो घंटे बाद लोगों ने जाम हटाया जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी. पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार एवं कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये प्रदान किये जायेंगे. थानाध्यक्ष ने बताया कि बस चालक बभनडीह के समीप बस छोड़ कर भाग गया. जिस बस से घटना हुई है, वह निजी स्कूल की है. बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
