गया: थाइलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान ओ चा शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बोधगया पहुंच रहे हैं. उनके साथ 54 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा. थाई पीएम शनिवार की सुबह 09:50 बजे विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पर आयेंगे व यहां से सीधे महाबोधि मंदिर जायेंगे.
करीब 40 मिनट तक महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वह 10:55 बजे रॉयल थाई मोनास्टरी जायेंगे. वह अपने साथ रहे प्रतिनिधियों के साथ यहां स्थित मंदिर में भी पूजा-अर्चना व जलपान के बाद करीब 11:45 बजे एयरपोर्ट के लिए वापस प्रस्थान करेंगे. यहां से उनका विमान 12:30 बजे थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए उड़ान भरेगा.
भारत में अपने तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन शनिवार को बोधगया पहुंच रहे थाई पीएम के आगमन पर बोधगया में उनकी सुरक्षा व्यवस्था भारत के प्रधानमंत्री के समतुल्य रखा जायेगा. उनके महाबोधि मंदिर आगमन से लेकर प्रस्थान तक आम श्रद्धालुओं के लिए महाबोधि मंदिर परिसर में प्रवेश पर रोक लगी रहेगी. थाई पीएम व उनके साथ वाले लोगों के लिए 20 छोटी गाड़ियों की व्यवस्था की गयी है. सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये हैं व इसे लेकर शुक्रवार की शाम डीएम व एसएसपी ने अन्य पदाधिकारियों के साथ एयरपोर्ट से लेकर महाबोधि मंदिर व रॉयल थाई मोनास्टरी तक कारकेड का रिहर्सल किया.
