विस में विपक्ष के नेता प्रेम कुमार के रिश्तेदार पर सुपारी देने का आरोप
गया : शहर के स्वर्ण व्यवसायी दीपक कुमार वर्मा पर गुरुवार की रात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. हथियारबंद अपराधियों के हमले से व्यवसायी बाल-बाल बच गये. पर, व्यवसायी द्वारा शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने एक हमलावर को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. इस मामले में नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ प्रेम कुमार के एक रिश्तेदार बबलू चंद्रवंशी पर हत्या कराने के लिए सुपारी देने का आरोप है.
पुलिस की गिरफ्त में आये अपराधी टनकुप्पा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव का रहनेवाला मुकेश कुमार है. पूछताछ में उसने साथियों के बारे में जानकारी दी है. उसने पुलिस को यह भी बताया है कि अंदर गया क्षेत्र के रहनेवाले बबलू चंद्रवंशी ने स्वर्ण व्यवसायी दीपक कुमार वर्मा की हत्या करने के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी. एडवांस के रूप में 15 हजार रुपये दिये गये थे.
