गया/बांकेबाजार: शेरघाटी अनुमंडल में आतंक के पर्याय बने नक्सली संगठन आरसीसी से जुड़े हार्डकोर नक्सली राजेंद्र महतो को रोशनगंज थाने की पुलिस ने बालासोत रोड के दीवानबिगहा मोड़ के पास से रविवार को गिरफ्तार कर लिया. उसके साथ रहे एक युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
युवक की पहचान झारखंड के चतरा जिले के जोरी के संदीप पासवान के रूप में की गयी है. राजेंद्र महतो की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही एसएसपी निशांत कुमार तिवारी व सिटी एसपी राकेश कुमार ने रोशनगंज थानाध्यक्ष उत्तम कुमार को जिले के अन्य थानों से उसके आपराधिक व नक्सली इतिहास खंगालने का निर्देश दिया.
कुछ माह पहले राजेंद्र महतो व उसकी टीम ने बिहरगाई गांव में बन रहे स्कूल की बिल्डिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया था. इसके बाद उसे गिरफ्तार करने की जिम्मेवारी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार को दी गयी थी. हर समय बिहरगाई गांव में हो रही गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी. इस बीच, रविवार को थानाध्यक्ष को खुफिया जानकारी मिली कि रोशनगंज से बालासोत जानेवाले रास्ते में दीवानबिगहा मोड़ के पास राजेंद्र मोटरसाइकिल से एक युवक के साथ कहीं जा रहा है. इस पर थानाध्यक्ष ने तुरंत जाल बिछाया और राजेंद्र महतो सहित दो लोग पकड़े गये. उसके पास से पुलिस ने हीरो होंडा मोटरसाइकिल (बीआर2एक्स/7904)जब्त की है. इधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि राजेंद्र के साथ पकड़ा गया युवक संदीप अपने आप को निदरेष बता रहा है. पूछताछ में संदीप ने बताया है कि वह उस रास्ते से गुजर रहा था. मोटरसाइकिल से राजेंद्र को आता देख उसे रुकवा कर उसके साथ सवार हो गया. वह नहीं जानता था कि मोटरसाइकिल ड्राइव करनेवाला नक्सली संगठन से संबंध रखता है. थानाध्यक्ष ने बताया कि संदीप के बारे में जानकारी के लिए चतरा जिले की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है.
