सड़क हादसों में तीन मरे, दो दर्जन घायल

शेरघाटी : गया जिले में नेशनल हाइवे-दो पर आमस थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार की रात सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी व करीब दो दर्जन लोग घायल हो गये. आमस थाने के अकौना गांव के पास बस के पलटने से दो लोगों की मौत हो गयी. तीसरे व्यक्ति […]

शेरघाटी : गया जिले में नेशनल हाइवे-दो पर आमस थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार की रात सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी व करीब दो दर्जन लोग घायल हो गये. आमस थाने के अकौना गांव के पास बस के पलटने से दो लोगों की मौत हो गयी. तीसरे व्यक्ति की मौत एनएच-दो पर करमाइन मोड़ के पास टेंपो पलटने से हुई.

मरनेवालों की पहचान बांकेबाजार थाने के जमुआरा कलां के रहनेवाले 40 वर्षीय ब्रह्मदेव प्रसाद व रामप्रेवश प्रसाद के 18 वर्षीय बेटे संदीप कुमार के रूप में हुई है. एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो पायी है. जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद से गया जा रही जय मंगला नामक बस (जेएच 13 ए-7224) आमस थाने के अकौना गांव के समीप एक ट्रक से टकरा गयी. इस हादसे में बस में सवार ब्रह्मदेव प्रसाद व संदीप कुमार की मौत हो गयी, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गये.

घायलों की पहचान बोधगया थाने के दोमुहान के अर्जुन कुमार सिंह, मगध मेडिकल थाने के पहाड़पुर के रंजन कुमार, रामपुर थाना इलाके के आलोक कुमार, आमस थाने के बहेरा के विकास कुमार सिंह, बेलबिगहा के दिनेश भुइंया व बिहारी बिगहा के अशोक कुमार, औरंगाबाद जिले के रितु सिंह, धनंजय सिंह व मदनपुर थाने के बेरी निवासी प्रवीण पाठक के रूप में हुई है.

अन्य घायल यात्रियों की पहचान नहीं हो सकी है. सूचना पाकर दल-बल के साथ आमस थानाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को शेरघाटी स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में भरती कराया, जहां से डॉक्टरों ने दो घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया.

बस में सवार दिनेश ने बताया कि बस यात्रियों से भरी थी. ओवरटेक करने के चक्कर में बस व ट्रक में टक्कर हुई. करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद ड्राइवर व खलासी फरार हैं. सड़क हादसे के बाद आसपास के कई गांवों से सैकड़ों लोग वहां पहुंचे. मनोद यादव, हाजी जुबैर अहमद, कुंदन कुमार, वसीम अकरम, आनंदी प्रसाद, मोहम्मद अन्नू, सत्येंद्र कुमार, पप्पू, कंचन व चून्नू आदि युवकों ने घायलों की मदद की.

दूसरी घटना में आमस से गुरुआ जा रहा टेंपो जीटी रोड पर करमाइन मोड़ के पास ड्राइवर के संतुलन खोने से पलट गया. घटना में पांच लोग घायल हो गये. करमाइन गांव के लोगों ने सहयोग से घायलों को शेरघाटी के अनुमंडलीय अस्पताल में भरती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान नहीं हुई है. घायलों की पहचान नेमा बिगहा के श्वेता कुमारी, सोनदाहा के कंचन देवी, कसियाडीह के नागेश्वर यादव व उनकी पुत्रवधू सुनीता देवी के रूप में हुई है. डॉ अमित कुमार ने बताया कि गंभीर स्थिति को देखते हुए कंचन देवी व नागेश्वर यादव को मगध मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में रेफर कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >