गया : पुरानी डेल्हा थाने के पास स्थित बंडा बिगहा-ठाकुरबाड़ी के बैंक खाते से 22 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है. इतना ही नहीं, ठाकुरबाड़ी से कीमती मूर्तियों की चोरी की भी घटना हुई है. इस मामले में मंगलवार को डेल्हा थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
डेल्हा इंस्पेक्टर निखिल कुमार ने बताया कि प्राथमिकी महामंडलेश्वर महंत श्रीरतनदासजी महात्यागी की तरफ से दर्ज करायी गयी है. प्राथमिकी में चमेली देवी व उनके सभी तीन बेटों के विरुद्ध आरोप लगाये गये हैं. बताया गया है कि ठाकुरबाड़ी की देखभाल करनेवाले बाबा के बुढ़ापे का लाभ उठा कर उनके सहयोगी चमेली देवी व उनके तीनों बेटों ने ही कथित तौर पर बैंक खाते से रुपये निकाल लिये. प्राथमिकी के हवाले से इंस्पेक्टर ने बताया कि डेल्हा पुल के निर्माण के लिए पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने ठाकुरबाड़ी की जमीन ली थी.
इसी जमीन के बदले ठाकुरबाड़ी को 29 लाख रुपये मिले थे. 29 लाख की इसी रकम से 22 लाख रुपये गलत तरीके से निकाल लिये जाने का मामला सामने आया है. इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी गयी है. मामले की छानबीन भी शुरू कर दी गयी है.
