बुलेटप्रूफ जैकेट मामले में आर्मीमैन की तलाश

गया : भाकपा-माओवादी संगठन के शीर्षस्थ नेताओं को सेना की बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने की कोशिश करनेवाले फतेहपुर थाने के चोवार के रहनेवाले आर्मी मैन (रांची स्थित सैनिक छावनी में पोस्टेड) अमरेश शर्मा व शेरघाटी के गौतम कुमार नाम युवक को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम सरगरमी से तलाश रही है. इस मामले में […]

गया : भाकपा-माओवादी संगठन के शीर्षस्थ नेताओं को सेना की बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने की कोशिश करनेवाले फतेहपुर थाने के चोवार के रहनेवाले आर्मी मैन (रांची स्थित सैनिक छावनी में पोस्टेड) अमरेश शर्मा व शेरघाटी के गौतम कुमार नाम युवक को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम सरगरमी से तलाश रही है.

इस मामले में एसटीएफ के हत्थे चढ़े गया जिले के रामपुर थाने के गेवाल बिगहा-पहाड़ी तर इलाके के मोहम्मद अनवर के बेटे 35 वर्षीय मोहम्मद शम्स और टिकारी थाने के अर्क-ढिवरिया गांव के रामदास शर्मा के बेटे राजीव कुमार (पूर्व सैनिक) को मंगलवार को रामपुर थाने लाया गया. एसटीएफ ने पूछताछ की और मंगलवार की रात गया शहर में मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर सेंट्रल जेल भेज दिया. कई धाराओं में केस दर्ज.

* सिटी डीएसपी को जांच का जिम्मा
इस मामले में पटना से आये एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर जन्मेजय कुमार शर्मा ने रामपुर थाने में मोहम्मद शम्स, राजीव कुमार, अमरेश शर्मा व गौतम कुमार के विरुद्ध अनलॉफुल एक्टीविटी प्रिवेंशन एक्ट की धाराओं 16,17, 18, 19, 20 व 17 सीएलए एक्ट, आइपीसी की धारा 414 व 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इस कांड की जांच करने की जिम्मेवारी सिटी डीएसपी आलोक कुमार सिंह को सौंपी गयी है.
क्या है मामला : पटना मुख्यालय स्थित एसटीएफ को सूचना मिली कि सेना की बुलेटप्रूफ जैकेट की डिमांड माओवादियों के शीर्ष नेताओं द्वारा की गयी है. उस जैकेट की डिलिवरी गया शहर के रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बिगहा इलाके में सोमवार को होनेवाली है. श्री शर्मा के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक बैजनाथ कुमार, जवान मुनीपाल व जवान राजेश कुमार ने गेवाल बिगहा मुहल्ले में जाल बिछाया. दोपहर करीब दो बजे राय काशीनाथ मोड़ की ओर से आ रही एक टेंपो से एक संदिग्ध युवक गेवाल बिगहा मोड़ के पास उतरा. उसके हाथ में एक थैला था. एसटीएफ ने उसे रोका. लेकिन, वह भागने लगा.
गेवाल बिगहा मोड़ पर ड्यूटी में तैनात सिपाही अरविंद सिंह व मोहम्मद नौशाद ने एसटीएफ को भाग रहे युवक को पकड़ने में सहयोग किया. पकड़े गये युवक की पहचान मोहम्मद शम्स के रूप में की गयी. उसके पास से बुलेटप्रूफ जैकेट और एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल बरामद किया. जैकेट के बारे में एसटीएफ ने पूछताछ की तो मोहम्मद शम्स ने बताया कि यह जैकेट टिकारी थाने के अर्क-ढिवरिया गांव के रहनेवाले राजीव कुमार से एक लाख रुपये में खरीदी है. इस जैकेट को शेरघाटी का गौतम कुमार के माध्यम से भाकपा-माओवादी के शीर्षस्थ नेता शिवजी धोबी उर्फ त्यागी जी उर्फ बाबा जी को डिलिवरी देना है.
राजीव फिलहाल औरंगाबाद के नवीनगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बीकानेर एंड जयपुर में गार्ड के रूप में पोस्टेड है. एसटीएफ नवीनगर (सुरार) में छापेमारी कर राजीव को गिरफ्तार कर गया लायी. राजीव के पास से दो एटीएम कार्ड, दो कैंटीन का स्मार्ट कार्ड, एक पैन कार्ड, एचडीएफसी बैंक का एक एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस व सात हजार रुपये बरामद किये गये. राजीव ने बताया कि उक्त जैकेट रांची स्थित सैनिक छावनी में पोस्टेड अमरेश ने उपलब्ध करायी थी. रामपुर थानाध्यक्ष गौरी शंकर गुप्ता ने बताया कि आर्मीमैन अमरेश शर्मा के विरुद्ध नवादा जिले में अपहरण व हत्या की प्राथमिकी पहले से दर्ज है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >