मानपुर : गया-रजाैली मुख्य पथ पर बंधुआ रेलवे स्टेशन व गंजास गांव के बीच शनिवार की सुबह चार बजे हमलावरों ने टनकुप्पा थाने के बरसौना के सुदामा महतो के 18 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार को गोलियों से भून दिया. अचानक हुए हमले से घबराये शुभम के साथ रहे अनिल महतो घटनास्थल से भाग कर छिप गया.
दो मोटरसाइकिल से आये पांच हमलावरों ने शुभम को चार गोलियां मारीं व फतेहपुर की ओर फरार हो गये. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने शुभम को तुरंत मानपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया गया. डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति देखते हुए मगध मेडिकल रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर शुभम के शरीर से दो गोलियां निकालीं और उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया. शनिवार की शाम चार बजे मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पटना में शुभम का इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति चिंताजनक है.
पांच युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी : जानकारी के अनुसार, शुभम हर रोज अपने गांव से सब्जी लेकर गया मंडी जाता था. शनिवार की सुबह वह अपने पड़ोसी अनिल महतो के साथ साइकिल से सब्जी लेकर गया मंडी जा रहा था. रास्ते में बंधुआ रेलवे स्टेशन व गंजास गांव के बीच दो मोटरसाइकिल से आये पांच हमलावर शुभम की पहचान करते हुए उसे दनादन चार गोलियां मार दीं. घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज डीएसपी एनके आनंद, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, मुफस्सिल सर्किल इंस्पेक्टर हरि हाजरा व टनकुप्पा थानाध्यक्ष नीरज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मानपुर पहुंचे. घायल शुभम से पूछताछ के बाद हमलावरों की पहचान की गयी. डीएसपी के निर्देश पर टनकुप्पा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर उनके ठिकानों पर छापेमारी भी की गयी. लेकिन, चारों आरोपित अपने-अपने ठिकानों से फरार थे.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि सुदामा महतो के बयान पर रामफल मांझी, कृष्णा मांझी, बिट्टू मांझी, मनीष मांझी व अकरम दास के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इधर, घटना को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पिछले वर्ष आम तोड़ने को लेकर शुभम व आरोपितों के बीच विवाद हुआ था. मामले की छानबीन की जा रही है.
