गया: मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, गया, के कर्मचारियों ने शुक्रवार को सामूहिक इस्तीफा दे दिया. पता चला है कि वे बैंक के प्रबंध निदेशक अभय झा के रवैये से क्षुब्ध हैं. कर्मचारियों ने इस्तीफा बिहार सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले दिया है.
उनका आरोप है कि बैंक में कर्मचारियों की भारी कमी है. लेकिन, प्रबंधन देर शाम तक काम करा कर स्टाफ की कमी को जाहिर नहीं होने देता. इतना ही नहीं, अधिकारियों पर अमर्यादित व व्यंग्यात्मक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप है. कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे माहौल में काम नहीं कर सकते. उन्होंने इस्तीफा को मंजूर कर 15 दिनों के अंदर सूचना देने का आग्रह किया है.
कर्मचारियों ने त्यागपत्र की प्रतिलिपि मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष, निबंधक सहयोग समितियां, प्रधान सचिव, सहकारिता, सहकारिता विभाग के मंत्री व राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को भी भेजी है. त्यागपत्र पर हस्ताक्षर करनेवालों में मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, गया के विकास पदाधिकारी विपिन बिहारी, सहायक उमाशंकर प्रसाद, शेरघाटी के प्रशाखा प्रबंधक रवींद्र नाथ, बाराचट्टी के देवेंद्र सिंह, मखदुमपुर के प्रबंधक सेवक चौधरी, टिकारी शाखा के प्रबंधक विजय भूषण सिन्हा, अरवल के शाखा प्रबंधक देव कुमार सिंह, मदन मोहन, इमामगंज के कृष्णा प्रसाद, गया के धनंजय कुमार, वजीरगंज के प्रभारी प्रशाखा प्रबंधक कुमार सिद्धनाथ सिंह व स्टोरकीपर विजय सिंह शामिल हैं. इस बारे में प्रबंध निदेशक से बात करने की कोशिश की गयी, लेकिन उन्होंने एलडीएम की मीटिंग में बैठे होने की बात कह कर टेलीफोन रख दिया.
