गया : राज्य सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य महकमे में फेरबदल के तहत गया नगर प्रखंड की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मीना कुमारी का स्थानांतरण जय प्रकाश नारायण अस्पताल के उपाधीक्षक के पद पर हुआ है. इस आशय की अधिसूचना के मद्देनजर बुधवार को डॉ मीना ज्वाइन करने के लिए सिविल सजर्न (सीएस) कार्यालय पहुंचीं.
लेकिन, सिविल सजर्न (सीएस) डॉ अरविंद कुमार ने उपाधीक्षक के पद पर डॉ मीना को ज्वाइन कराने से मना कर दिया. कथित तौर पर उन्होंने डॉ मीना से कहा कि उन्हें इडी (स्वास्थ्य विभाग) ने फोन कर बताया है कि अधिसूचना में गड़बड़ी है और यह भी कि डॉ मीना को ज्वाइन न कराया जाये. इस प्रकार डॉ मीना अपने स्थानांतरण से संबंधित कागजात दिखाती रहीं, लेकिन सीएस अपने स्टैंड पर अड़े रहे. बुधवार को उनके साथ हुए व्यवहार से क्षुब्ध डॉ मीना ने गुरुवार को भी ज्वाइन करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. इस बाबत उन्होंने आरडीडी (एच) राजेंद्र प्रसाद से भी बात कीं, पर बात बनी नहीं. आरडीडी (एच) ने उन्हें इस मामले में डीएम से बात करने का सुझाव दिया. डॉ मीना के अनुसार, वह शुक्रवार को डीएम से मिल कर अपनी बातें उनके सामने रखेंगी.
अपनी ज्वाइनिंग के बाबत सीएस के स्टैंड के बयान के मद्देनजर डॉ मीना ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर अधिसूचना में कोई गड़बड़ी हुई भी हो, तो क्या इसकी जानकारी विभाग की तरफ से फोन पर दिया जायेगा? सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में डॉ मीना को उपाधीक्षक पद पर ज्वाइन करने से रोकने के लिए गया-पटना के बीच दौड़ लगाने और मामले को मैनेज करने की कोशिश भी चल रही है. उधर, डॉ मीना ने भी आशंका जतायी है कि संभवत: उनके मामले में कुछ गड़बड़ करने की कोशिश की जा रही है. जान बूझ कर उन्हें चकमा देकर, चक्कर कटवा कर समय निकाला जा रहा है, ताकि इसी बीच निहित स्वार्थ से प्रेरित काम किये-कराये जा सकें.
