गया : भीषण गरमी खत्म होने के बाद पिछले एक पखवारे से ऊमस से परेशान शहरवासियों को बारिश से काफी राहत मिली है. बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार की देर रात तक होती रही. दिन भर कभी तेज, तो कभी धीमी बारिश होती रही. मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार की सुबह आठ बजे से गुरुवार की शाम पांच बजे तक 82.1 मिमी बारिश हुई. विभाग के अनुसार रविवार तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है.
इस दौरान तेज हवा चलने की भी संभावना है. गुरुवार को दिन भर रिमङिाम बारिश के बीच सूरज बादलों के बीच छिपा रहा और धूप के दरस नहीं हुए. शहरवासियों की दिनचर्या प्रभावित हुई. ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकले. जो लोग निकले भी उनमें से कुछ के हाथों में छतरी थे और कुछ लोग रेन कोट पहने थे.
बाजार में नहीं दिखी चहल-पहल : बारिश के कारण बाजार में चहल-पहल नहीं दिखी. हमेशा व्यस्त रहने वाले जीबी रोड, केपी रोड, टिकारी रोड, टावर चौक, शहीद रोड व बाटा मोड़ स्थित दुकानों में इक्का-दुक्का खरीदार आये. अधिकतर दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में दिन भर बैठे रहे. सबसे ज्यादा परेशानी फुटपाथी दुकानदारों को हुई.
