विस्फोटक की आवाज से लोगों के जगने पर भाग गये अपराधी घटनास्थल से पेट्रोल की बोतल, दो डेटोनेटर व तार बरामद
डुमरिया : डुमरिया के मंझौली बाजार में बड़ी तबाही मचाने की अपराधियों की साजिश विस्फोटक के गलत तरीके से फटने से नाकाम हो गयी. अपराधियों ने मंगलवार रात दो बजे बाजार स्थित दुर्गा स्थान के समीप मोबाइल दुकान राहुल मैसेज सेंटर के पास पेट्रोल बम व चार डेटोनेटर लगाये थे. विस्फोटकों को तार से जोड़ने के दौरान दो डेटोनेटर में विस्फोट हो गया. विस्फोट की आवाज सुन दुकानदार व आस-पास के लोग जाग गये, जिसके बाद अपराधी भाग निकले. राहुल मैसेज सेंटर के मालिक बबलू कुमार गुप्ता ने बताया कि रात दो बजे उनकी दुकान के समीप भयंकर विस्फोट की आवाज हुई.
आवाज सुन घर में सो रही उनकी मां ने उन्हें जगाते हुए कहा कि बहुत जोरदार की कुछ आवाज हुई है. वह दुकान के पास पहुंचे, तो देखा कि दुकान के बाहरी भाग में लगे मोबाइल के बोर्ड व प्लास्टिक के छप्पर जल रहे हैं. आग पर स्थानीय लोगों ने काबू पाया. दुकान खोलने पर पाया कि अंदर किसी तरह की क्षति नहीं हुई. उन्होंने बताया कि दुकान के पास एक कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल, जिसमें पेट्रोल रखा था, दो डेटोनेटर (बिना विस्फोट वाले) व 50 मीटर के तार बरामद हुए. उन्होंने कहा कि विस्फोट हुए दो डेटोनेटर से अगर पेट्रोल की बोतल फट जाती, तो आसपास की दुकानों में भारी तबाही होती.
सूचना के छह घंटे बाद पहुंची पुलिस
दुकानदार बबलू कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी, लेकिन छह घंटे बाद सुबह करीब आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुकान के पास रखे दो डेटोनेटर, पेट्रोल भरी बोतल व तार को जब्त कर लिया. घटनास्थल पर मौजूद जनप्रतिनिधि प्रखंड प्रमुख पति संजय प्रसाद, महुडी पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज पासवान, मंझौली पंचायत के मुखिया प्रमोद यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस तरह विस्फोट की घटना क्षेत्र में पहली बार हुई है.
