अमवां पइन की सफाई व गोदाम रोड को कब्जामुक्त कराने पर बोर्ड की लगी मुहर
फुटपाथी दुकानदारों को दिया जायेगा लाइसेंस
बोधगया : बोधगया नगर पंचायत कार्यालय में गुरुवार को हुई बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण मामलों पर निर्णय लिये गये. इसमें कालचक्र मैदान के पास स्थित चिल्ड्रेन पार्क का सौंदर्यीकरण कराने सहित अमवां पइन की जल्द से जल्द साफ-सफाई कराने जैसे मामले शामिल हैं. बोर्ड ने गांधी चौक से गोदाम रोड होते हुए मौसा मोड़ तक सड़क किनारे कब्जा करदुकानें लगानेवालों को हटाने का निर्णय लिया है.
बोधगया के अन्य सड़कों के किनारे भी अनाधिकृत रूप से दुकान लगानेवालों को हटाने का निर्णय किया गया है. बोर्ड की बैठक में फैसला हुआ कि फुटपाथी दुकानदारों को लाइसेंस जारी किया जायेगा.
सफाई मजदूरों को बरसाती व वरदी उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही, नगर पंचायत कार्यालय के सभी कर्मचारियों पर ड्रेस कोड लागू किया जायेगा व सभी को ड्रेस भी मुहैया करायी जायेगी. इसके अलावा स्टैंडिंग कमेटी द्वारा विकास कार्यों व अन्य मदों में लिये गये निर्णयों को बोर्ड की मुहर लगायी गयी. सभी वार्डों में गली, नाली, लाइट व अन्य कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गयी. बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद बेलमंती देवी ने की.
बैठक में उपाध्यक्ष मनोरमा देवी, पार्षद रामसेवक सिंह, संगीता देवी, रजंती देवी, चंदेश्वर यादव, विनोद सिंह, मुन्ना यादव, कुमारी प्रिया, बिंदेश्वरी देवी, दशरथ मांझी, रूबी कुमारी, शत्रुध्न पांडेय, विक्की कुमार, सुमिरा गुप्ता, सावित्री देवी, मनोज कुमार, ललिता देवी व कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार शामिल हुए. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बोर्ड की पहली बैठक शांतिपूर्ण व विकास कार्यों को क्रियान्वित कराने के संकल्प के साथ संपन्न हुई.
