शिवसेना की बैठक में कई समस्याओं पर की गयी चर्चा
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की दी चेतावनी
गया : फतेह बहादुर शिवाला मोड़ स्थित सेना भवन में रविवार को हुई शिवसेना कार्यकर्ताओं की बैठक में शहर में अतिक्रमण, गंदगी व बड़े-बड़े दुकानदारों द्वारा एक, दो व पांच रुपये के सिक्के नहीं लेने पर चर्चा की गयी. बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय कुमार सेठ ने कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त पहले जिलाधिकारी भी रह
चुके हैं और यहां की भौगोलिक स्थिति से पूरी तरह से अवगत हैं. उन्होंने प्रमंडलीय आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों केपी रोड, जीबी रोड, टिकारी रोड, धामी टोला रोड, रमना रोड पर छोटी गाड़ी से लेकर बड़े वाहन तक जैसे-तैसे खड़े कर देने से राहगीरों को चलना मुश्किल हो गया है. वहीं, जहां-तहां कचरा फेंक देने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है. इस कारण रोज राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ता है.
वहीं, बड़े-बड़े दुकानदार व गोदाम के किराना स्टोरवाले एक रुपये, दो रुपये व पांच के सिक्के लेने से इनकार कर देते हैं.इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग प्रमंडल आयुक्त और जिलाधिकारी से की गयी. मांग पूरी नहीं होने पर शिवसेना द्वारा आंदोलन किया जायेगा. इस मौके पर सुधीर कुमार, मनोज बरनवाल, अनिल कुमार, हरेंद्र गिरि, रामजी ठाकुर, कल्लु प्रसाद, श्याम देव प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल थे.
