गया. मंगलवार को मगध मेडिकल काॅलेज अस्पताल के ठीक सामने वाली सड़क पर चार दवा दुकानों, ग्रीन मेडिकल हॉल, न्यू राेशन मेडिकल हॉल, लाल फॉर्मा व मुस्कान मेडिकल हॉल में छापेमारी हुई. ड्रग विभाग के पदाधिकारियों ने यहां से कई दवाएं जब्त कीं.
इन दुकानों में भी किसी प्रकार की कोई बिलिंग नहीं थी. दुकानों के पास दवा खरीद का कोई आधिकारिक रेकाॅर्ड मेंटेन नहीं था. इसके अलावा कई ऐसी दवाएं जब्त की गयीं, जिन्हें फ्रीज में रखा जाना चाहिए था, लेकिन बाहर रखी थीं. कुछ एक्सपायर दवाएं भी मिलीं. इन सभी दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी. गौरतलब है कि सोमवार को भी मगध मेडिकल काॅलेज रोड में तीन दुकानों में छापेमारी की गयी थी.
क्या कहते हैं अधिकारी
जिले में लोगों को बेहतर क्वालिटी व उचित बिलिंग पर दवा मिले इसके लिए ही ड्रग विभाग लगातार काम कर रहा है.इन चीजों का ध्यान नहीं रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
राकेश नंदन सिंह, सहायक औषधि नियंत्रक
