Double Rail Line Bihar: रेल यात्रियों की सुविधा के लिए बिहार में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है. ऐसे में राज्य के 6 जिलों में रेल लाइन डबलिंग का काम किया जाएगा. दिल्ली-गुवाहाटी मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के तहत बिहार में यह काम किया जा रहा है. इससे राज्य के लोगों को खास फायदा हो सकेगा.
रेल मंत्री ने मैप के जरिए बताया पूरा रूट
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली-गुवाहाटी मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना की जानकारी दी. उन्होंने मैप के जरिए दिल्ली से गुवाहाटी के बीच के रूट को बताया. इस रूट पर कई सेक्शन में दोहरी लाइन बिछाने का काम प्रस्तावित है, जिससे पूर्वोत्तर की ओर रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी. साथ ही भीड़भाड़ की समस्या से भी लोगों को राहत मिल सकेगी.
इन जिलों से होकर गुजरेगी रेल लाइन
जानकारी के मुताबिक, नरकटियागंज (पश्चिमी चंपारण), रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, सरायगढ़ (सुपौल), अररिया जिले में रेल लाइन के डबलिंग का काम प्रस्तावित है. रेल लाइन के बनने से बिहार से दिल्ली और गुवाहाटी जाना बेहद आसान हो सकेगा. इसके साथ ही इन जिलों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत हो सकेगी. व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिल सकेगा.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्या बताया?
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से गोंडा तक काम जारी है. गोंडा से गोरखपुर तक रेल लाइन के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है. जबकि न्यू जलपाईगुड़ी से गुवाहाटी तक डीपीआर तैयार किया जा रहा है. इसके साथ ही गोरखपुर से अलुबारी तक रेल लाइन डबलिंग का काम किया जाएगा.
7 रेल रूट को फोरलेन करने की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, भारतीय रेलवे अब सड़क की तर्ज पर अपने सबसे व्यस्त 7 रेल रूट को फोरलेन करने की तैयारी में है. करीब 11 हजार किलोमीटर ट्रैक के विस्तार से ज्यादा ट्रेनें दौड़ सकेंगी. यात्रियों की बढ़ती भीड़, ट्रेन लेट होने की समस्या और माल ढुलाई के दबाव को कम करने में यह योजना अहम साबित हो सकती है.