Darbhanga News: 1480.34 करोड़ की लागत से डीएमसीएच का नवनिर्माण शुरू

Darbhanga News: डीएमसीएच के उन्नयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. आधारभूत संरचना के तहत अस्पताल का नया भवन बनेगा.

Darbhanga News: दरभंगा. डीएमसीएच के उन्नयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. आधारभूत संरचना के तहत अस्पताल का नया भवन बनेगा. प्रस्तावित स्थल पर बैरिकेडिंग की जा रही है. काम करने वालों के रहने के लिये कैंप तैयार कर लिया गया है. नये बिल्डिंग पर 1480.34 करोड़ की लागत आयेगी. टेंडर के मुताबिक एजेंसी को 42 माह में काम पूरा कर लेना है. जानकारी के अनुसार प्लानिंग के तहत कॉलेज व अस्पताल को अलग- अलग रखा गया है. कर्पूरी चौक से पूरब अस्पताल का बहुमंजिला भवन होगा. दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जायेगा.

अस्पताल के उन्नयन में यह कार्य होगा पूरा

डीएमसीएच में बेड को 1200 से बढ़ाकर 2100 किया जाना है. परिसर स्थिति न्यू सर्जरी बिल्डिंग में 400 नये बेड की सुविधा उपलब्ध करा दिये जाने के कारण अब बांकी के 1700 बेड का नया भवन बनेगा. अस्पताल के उन्नयन के तहत सिविल वर्क भीतरी व बाहरी, प्लमिंग, सेनेटरी वर्क, इलेक्ट्रिकल वर्क (एलटी एण्ड एचटी), साइट डिवलपमेंट, बाउंड्री वाल, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, फायर डिटेक्शन, फायर अलार्म एंड सप्रेशन, सीसीटीवी, लैंडस्केपिंग, मेडिकल व नन मेडिकल फर्नीचर, कंप्यूटर एंड सर्वर, एमजीपीएस, मेडिकल इक्विपमेंट एवं डेमोलिशन ऑफ एक्जिस्टिंग स्ट्रक्चर का कार्य किया जाना है.

डीएमसी के यूजी सीट में बढ़ोतरी की संभावना

दरभंगा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के उन्नयन से यूजी सीट पर बढ़ोतरी की संभावना है. बताया गया है कि वर्तमान के 110 सीट को बढ़ाकर 250 किया जाना है. इसके अनुरूप चिकित्सा व्यवस्था में विस्तार की जायेगी.

दिसंबर माह में निकाली गयी थी निविदा

डीएमसीएच के उन्नयन को लेकर पिछले साल दिसंबर माह में बीएमएसआइसीएल ने नये भवन व संबंधित कार्य के लिये निविदा आमंत्रित की थी. विभागीय जानकारी के अनुसार नये ढांचागत संरचना व अन्य सुविधा को लेकर कुल 225 एकड़ भूमि की मापी के बाद मास्टर प्लान तैयार किया गया है. इसमें पहले से बने भवनों को भी शामिल किया गया है.

इसी कार्य के लिए 2023 में भी निकाली गयी थी निविदा

जानकारी के अनुसार डीएमसीएच के नये भवन व चिकित्सा सुविधा को लेकर 2023 में भी निविदा निकाली गयी थी. उस समय 2155.57 करोड़ की लागत से अस्पताल को नया स्वरूप दिया जाना था. बेडों की संख्या 2500 कही गयी थी. संवेदक को 2025 तक निर्माण कार्य पूरा करना था. नये टेंडर में बेडों व कुल लागत खर्च में पहले से कमी की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >