दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान को रेल नेटवर्क से जोड़ने और सकरी–हसनपुर रेल परियोजना को पुराने तय मार्ग पर पूरा करने की मांग को लेकर सोमवार को कुशेश्वरस्थान बाजार पूरी तरह बंद रहा. बंदी का असर पूरे बाजार क्षेत्र में देखने को मिला, जहां दुकानों के शटर गिरे रहे और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन में शामिल हुए. स्थानीय व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को खुला समर्थन दिया.
जनप्रतिनिधियों के खिलाफ फूटा गुस्सा
बाजार बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आंदोलनकारियों का आरोप था कि वर्षों पुरानी रेल परियोजना को जानबूझकर लटकाया जा रहा है, जिससे इलाके के लाखों लोगों को विकास से वंचित होना पड़ रहा है. इस दौरान कई नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया गया.
सभा में उठी रेल लाइन जल्द शुरू करने की मांग
आंदोलन के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि सकरी–हसनपुर रेल परियोजना केवल एक रेल लाइन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की रीढ़ है. मुख्य पार्षद शत्रुघ्न पासवान ने कहा कि कुशेश्वरस्थान तक रेल पहुंचाना दिवंगत रामविलास पासवान का सपना था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया जा सका. वहीं कॉमरेड ललितेश्वर पासवान ने आरोप लगाया कि परियोजना को अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है.
विकास और रोजगार से जुड़ा है मुद्दा
वक्ताओं ने कहा कि रेल लाइन शुरू होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार को नई गति मिलेगी. व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों ने भी परियोजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की.
17 जून को होगी महापंचायत
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी प्रशांत कुमार ने कहा कि हरिनगर से कुशेश्वरस्थान के बीच केवल कुछ किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण बाकी है. उन्होंने घोषणा की कि आंदोलन के अगले चरण में 17 जून को वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में महापंचायत आयोजित की जाएगी, जहां आगे की रणनीति तय होगी.
