Darbhanga News: दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव के चौर में स्थित एक अंडा फार्म में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पति-पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद में सनकी पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी और सदर डीएसपी राजीव कुमार समेत कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है.
सनकी पति ने पूरे परिवार पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान लगभग 25 वर्षीय फूल कुमारी के रूप में हुई है. आरोपी पति मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के करणडीही थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला है. यह पूरा परिवार पिछले कुछ समय से चंदनपट्टी के इसी अंडा फार्म में रहकर मजदूरी का काम करता था. स्थानीय लोगों के मुताबिक, किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया.
अस्पताल में एक और बच्चे की मौत
वारदात के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों बच्चों को बेहद नाजुक हालत में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेजा था. इलाज के दौरान एक और बच्चे की मौत होने की आधिकारिक पुष्टि की गई है, जबकि बाकी दो बच्चों की स्थिति अब भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और तनाव का माहौल है.
दरभंगा के हायाघाट से कमलेंद्र झा की रिपोर्ट
