Darbhanga News: डीएमसीएच उपाधीक्षक का औचक निरीक्षण, नशा मुक्ति केंद्र और  मेडिसिन विभाग में नहीं मिले डॉक्टर

Darbhanga News: डीएमसीएच में उपाधीक्षक के औचक निरीक्षण के दौरान भारी लापरवाही पकड़ी गई है. नशा मुक्ति केंद्र और मेडिसिन विभाग से डॉक्टर व कर्मी गायब मिले. प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं ताकि मरीजों की परेशानी कम हो सके. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में भारी लापरवाही सामने आई है. निरीक्षण के दौरान नशा मुक्ति केंद्र और मेडिसिन विभाग से चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए. अस्पताल प्रशासन अब इन गायब कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

उपाधीक्षक के निरीक्षण में खुली पोल

जानकारी के अनुसार, उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार जब अचानक नशा मुक्ति केंद्र पहुँचे, तो वहां से चिकित्सक और एक कर्मी अनुपस्थित मिले. इसके बाद जब उन्होंने मेडिसिन विभाग का रुख किया, तो वहां तैनात एक सीनियर रेजिडेंट (SR) भी अपनी सीट से गायब पाए गए. इस औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है. प्रशासन का कहना है कि लगातार दी जा रही चेतावनियों के बावजूद कर्मियों की कार्यशैली में सुधार नहीं हो रहा है.

मरीजों और परिजनों को झेलनी पड़ी मुसीबत

चिकित्सकों की इस अनुपस्थिति का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा. नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजन घंटों तक डॉक्टरों का इंतजार करते रहे. वहीं, मेडिसिन विभाग में भी मरीजों की भारी भीड़ के बीच सीनियर रेजिडेंट के गायब रहने से इलाज की प्रक्रिया प्रभावित हुई. उपाधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्ति केंद्र सिविल सर्जन कार्यालय के अधीन है, इसलिए उन्हें सूचित किया जाएगा. साथ ही, मेडिसिन विभाग के गायब एसआर की रिपोर्ट विभाग के अध्यक्ष (HOD) को सौंपी जाएगी ताकि उन पर विधि सम्मत कार्रवाई हो सके.

दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >