दरभंगा : दुर्गा पूजा, मुहर्रम, दीपावली एवं छठ पर्व के मुतल्लिक नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार सिंह ने पूूरे शहर में सफाई अभियान चलाने का आदेश जारी किया है. उन्होंने इसके लिए दो पालियों सुबह 6 से 11 तथा दोपहर 2 से 5 बजे तक सफाई एवं कचरा उठाव के निर्देश दिये हैं. नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश में बताया गया है
कि तीनों जोन प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों मेंं पूजा एवं मेला स्थल पर सफाई व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे. यदि सड़क एवं पूजा स्थलों पर गंदगी मिली तो संबंधित वार्ड के सफाई अधिदर्शक एवं जोन प्रभारी इसके जिम्मेवार होंगे. कूड़ा उठाव में लगे सभी ट्रैक्टर चालकों को प्रत्येक दिन चार चार गाड़ी कचरा उठाव कर डपिंग स्थान पर गिराने के निर्देश मिले हैं.
चार गाड़ी से कम कचरा गिराने पर ट्रैैक्टर चालक एवं उस पर प्रतिनियुक्त सफाई कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. तीनों जोन प्रभारियों को अपने अपने जोन से संबंधित कूड़ा उठाव का विस्तृत प्रतिवेदन गाड़ी नंबर एवं चालक के नाम के साथ स्वास्थ्य प्रभारी के माध्यम से नगर आयुक्त को दी जायेगी.
नगर आयुक्त ने सुबह 6 बजे से हरहाल में सफाई एवं कचरा उठाव शुरु करने का निर्देश दिया है. यांत्रिक अभियंता प्रभात कुमार इससे पूर्व उन्हें वाहनों में इंधन उपलब्ध करायेंगे. नगर आयुक्त ने सफाई कार्य में जोन प्रभारी के वरीय प्रभारी को प्रतिदिन अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है. सफाई संबंधी नगर आयुक्त की आदेश के बाद विगत तीन दिनों से शहर की सफाई व्यवस्था में परिवर्तन दिख रहा है.
