दरभंगाः योगदान करने के साथ ही जिले के नये एएसपी कुमार आशीष ने विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिये पहल तेज कर दी है. बुधवार को लहेरियासराय थाना में सदर अनुमंडल के सभी थानों के थानाध्यक्षों व सहायक थाना के थानाध्यक्षों के साथ बैठक की. बैठक में श्री आशीष ने पुलिस पब्लिक रिलेशन को मधुर बनाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि हमारा व्यवहार ऐसा नहीं होना चाहिये कि लोग थाने में आने से परहेज करें. हमारा व्यवहार लोगों के साथ दोस्ताना हो हम उनकी समस्याओं का विधि सम्मत समाधान करने का हर संभव प्रयास करें. वहीं उन्होंने थानों में पड़े लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर गंभीरता दिखाने को कहा. सभी थानाध्यक्षों को यातायात में कुव्यवस्था को दूर करने के लिये हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया.
मौके पर लहेरियासराय थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार राय, यातायात प्रभारी नरेश कुमार, विवि थानाध्यक्ष रामाशंकर सिंह, बेंता ओपी प्रभारी सुरेंद्र पासवान, बहादुरपुर थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल, केवटी थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह व बलभद्रपुर शिविर प्रभारी धरमपाल आदि लोग मौजूद थे.
