दरभंगा : लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रतियों के साथ श्रद्धालुओं की परेशानी दूर करने में पिछले एक पखवाड़ा से जुटे नगर निगम का प्रयास रंग लाता नजर आने लगा है. चंद दिन पूर्व तक कचरे की ढेर में गुम घाटों की सूरत बदली-बदली दिखने लगी है. जिन तालाबों के घाट की ओर देखने से मात्र से उबकाई आने लगती थी, वह स्थल इन दिनों चकाचक नजर आने लगा है.
घाटों की सफाई में जुटा नगर निगम अब इसे फाइनल टच दे रहा है. नगर के मुख्य तालाबों को छोड़ शेष तालाबों की सफाई का काम पहले ही पूरा हो चुका था. मुख्य तालाबों में मिर्जा खां, आरएस टैंक, हराही, लक्ष्मीसागर व बागमती नदी के घाटों की साफ-सफाई का काम करीब-करीब पूरा हो गया है. वहीं कुछ तालाबों के घाटों पर मंगलवार को भी मिट्टी डाली गयी. हराही तालाब के उत्तरी भाग के घाट पर बुधवार को 10 टेलर मिट्टी डाले जाने की बात पार्षद ने बतायी है. सफाई के बाद घाटों को सुरक्षा के लिये गहराई की मापी कर बांस-बल्ले पानी में लगा लाल फीते आदि लगाने में कर्मी जुट गये हैं.
