दरभंगा : एसएसपी सत्यवीर सिंह की सख्ती के 24 घंटे के भीतर ही शुक्रवार को शहर की यातायात पटरी पर नजर आयी. जिस सड़क पर जाम से गाड़ियां रेंगती नजर आती थीं. जिन चिह्नित स्थलों पर हर रोज जाम से दो चार होना तय था. उन स्थानों पर आज से शुरू नयी व्यवस्था से गाड़ियां सरपट भाग रही थी.
ट्रैफिक कंट्रोल के लिए शहर को दो सेक्टर में बांटकर उनकी कमान दो इंस्पेक्टर को दिया था. इनकी मदद में आधे दर्जन पुलिस पदाधिकारियों को भी मोर्चा संभालने के आदेश दिये गये. जबकि प्रशिक्षु सिपाही, रेगुलर सिपाही व डीएपी को चौक-चौराहों का कमान सौंप दिया था. इसके तहत आज से 60 पुलिस कर्मियों ने यातायात व्यवस्था की कमान संभाली थी.
यातायात नियमों के उल्लंघन में दर्जनों वाहनों से जुर्माना : यातायात नियम के उल्लंघन मामले में बेंता पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से कर्पूरी चौक पर एक दर्जन से अधिक टेंपो, पिकअप व बाइक सवार को पकड़कर जुर्माने की राशि वसूल की.
सड़क पर नजर आये मुख्यालय डीएसपी
यातायात व्यवस्था के मॉनीटरिंग करने की जिम्मेवारी मिलने के बाद शुक्रवार को मुख्यालय डीएसपी प्रफुल्ल कुमार सिन्हा सड़क पर नजर आये. डीएसपी श्री सिन्हा आज शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का मुआयना किया. वहीं पुलिस पदाधिकारियों को कई आदेश निर्देश दिये.
बिना हेलमेट वालों को िदया अल्टीमेटम
यातायात सुचारु करने और यातायात नियम का पालन करने के लिए पुलिस आज अभिभावक के रूप में भी नजर आये. बिना हेलमेट के बाइक चलाने पर आज फाइन काटने की जगह हेलमेट पहनने वाले फायदे की जानकारी दी.
