दरभंगा : डीएमसीएच के इमरजेंसी गेट के सामने गुरूवार को दिनदहाड़े पारा मेडिकल छात्र सुरेंद्र कुमार सुमन पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने हमला कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया. हमलावरों में से एक ने छात्र पर चाकू से वार किया. वहीं अन्य लोगों ने ताबड़तोड़ छात्र पर लात-घूसों की बरसात कर दिया. बताया जाता है कि स्कॉर्पियो सवार हमलावर छात्र सुमन का अपहरण करने के उद्देश्य से वहां आये थे. असफल होने पर उनलोगों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया.
इधर सहपाठियों ने जब सुमन को पिटते देखा तो हमलावरो को घेर लिया. छात्रों ने दो हमलावरो को स्कार्पियो के साथ दबोच लिया. वहीं मारपीट में घायल सुमन को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया. घायल छात्र मधुबनी जिला के ललमनिया थाना क्षेत्र के भेलहा वीरपुर गांव निवासी महेन्द्र प्रसाद यादव का पुत्र है. इधर, छात्र के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर बेंता ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. घायल छात्र के सहपाठियों ने हमला करने वाले जागेश्वर प्रसाद सिंह एवं स्कॉर्पियो चालक विन्देश्वर सिंह को पुलिस के हवाले कर दिया. बेंता ओपी ने स्कार्पियो को जब्त कर लिया है. पुलिस पकड़े गये लोगों से पूछताछ कर रही है.
वहीं घायल छात्र सुमन के बयान पर बेता ओपी में मामला दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार घायल सुमन का फुफेरा भाई हमला करने वाले जागेश्वर प्रसाद सिंह की पुत्री को घर पर जाकर पढ़ाता था. इसी दौरान दोनों में प्रेम हो गया. दोनों करीब डेढ़ महीनों से फरार है. लड़की के पिता जागेश्वर ने इसको लेकर सुमन के फुफेरा भाई के खिलाफ खुटौना थाना में मामला दर्ज किया है. बतौर गवाह ये लोग सुमन को पकड़ कर ले जाना चाहते थे. इसी दौरान गुरुवार को करीब 12 बजे मधुबनी जिला के खुटौना थाना के शास्त्री चौक निवासी जागेश्वर प्रसाद सिंह, कपलेश्वर महतो, रविन्द्र महतो, पप्पू कुमार, रविन्द्र कुमार व कुछ लोगों ने अपहरण के उदेश्य से डीएमसीएच इमरजेंसी चौक के समीप सुमन को घेर लिया. सुमन निशचेतना विभाग से अपने मित्र के साथ सर्जरी विभाग के सीओटी में ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहा था.
