कचरा उठाव के लिए 18 ट्रैक्टर खरीदेगा निगम
दरभंगा : नगर निगम सभागार में मंगलवार को मेयर बैजयंती देवी खेड़िया की अध्यक्षता में आयोजित स्थायी समिति की बैठक में लाये गये 87 एजेंडों में कई खामियां देख सदस्यों ने गहरी नाराजगी का इजहार किया. हालांकि विचार-विर्मश के बाद सभी एजेंडों को सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित भी कर दिया. लाये गये एजेंडों में […]
दरभंगा : नगर निगम सभागार में मंगलवार को मेयर बैजयंती देवी खेड़िया की अध्यक्षता में आयोजित स्थायी समिति की बैठक में लाये गये 87 एजेंडों में कई खामियां देख सदस्यों ने गहरी नाराजगी का इजहार किया. हालांकि विचार-विर्मश के बाद सभी एजेंडों को सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित भी कर दिया. लाये गये एजेंडों में एक ही एजेंडा कई स्थानों पर राशि में अंतर कर दिखाया गया था. बैठक मेें शहर के बेहतर कचरों की सफाई के िलए 18 ट्रैक्टर खरीदने का िनर्णय लिया गया.
वहीं मेयर की गाड़ी की सीट के लिये क्रय किये गये तौलिये के विपत्र पर बीते 20 जुलाई की हुयी स्थायी समिति की बैठक में स्वीकृति दिये जाने के बाद भी एजेंडा नंबर 13 में इसे शामिल कर दिया गया था. इस पर सदस्य सुबोध विश्वकर्मा ने सवाल उठाया. एजेंडा नंबर 27 में फर्जीवाड़े में निलंबित हुए विज्ञापन प्रभारी प्रदीप सिंह के निलबंनमुक्त किये जाने के लिए लाये गये प्रस्ताव में दो स्दस्य ने विरोध आपत्ति जतायी.
इस मामले में डिप्टी मेयर बदरूजमा खां ने निर्णय लेने के लिये नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार सिंह के पाले में गेंद डाल दी. लाये गये सभी ऐजेंडो में अधिकांश वाहन मेंटिनेस, इश्योरेंश, चूना-ब्लिचिंग पर किये गये खर्च के विपत्र से संबंधित थे.
बैठक में वृद्धा पेंशन, हाइमास्ट लाइट ठीक करने, सड़कों पर लावारिस पशुओं का जमावड़ा के अलावा छठ पूर्व घाटों की साफ-सफाई का मुद्दा सदस्यों ने उठाया. बैठक में अजय कुमार जालान, सोहन यादव, आशा किशोर प्रजापति, शिवगतुल्लाह खां उर्फ डब्बू खां, रियासत अली, सुबोध प्रसाद विश्वकर्मा, उपेन्द्र मंडल के अलावा सिटी मैनेजर नरोत्तम कुमार साम्राज्य, नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा, सहायक अभियंता सउद आलम, राजस्व पदाधिकारी प्रजापति मिश्र, जेई जितेन्द्र कुमार, यांत्रिक अभियंता प्रभात कुमार, लेखा अधिकारी सुमन सहाय, बड़ा बाबू राकेश कुमार, स्वास्थ्य प्रभारी महेश्वर लाल दास व कंप्यूटर सहायक जितेंद्र कुमार मौजूद थे.
एजेंडे में खामियां देख बिफरे सदस्य, सभी को किया पारित
निलंबित प्रदीप सिंह पर नगर आयुक्त लेंगे निर्णय
एक वर्ष पहले विज्ञापन प्रभारी प्रदीप सिंह को फर्जीवाड़े के आरोप में निलंबित कर दिया गया था. निलबंन मुक्त करने को लेकर एजेंडा नंबर 27 लाया गया. इसका विरोध पार्षद उपेन्द्र मंडल व सुबोध प्रसाद विश्वकर्मा ने करते हुये कहा कि जांच के आधार पर कर्मी को निलंबित किया गया. पूर्व की बैठक में कई बार इसे लेकर लाये गये प्रस्ताव को सदस्यों ने खारिज कर दिया था. फिर से एसा प्रस्ताव लाने का क्या औचित्य है. पार्षद अजय जालान की ओर से दबाव देन पर पार्षद श्री विश्वकर्मा ने निलंबित कर्मी के पक्ष में रहने का आरोप लगाया. मौके की नजाकत को देखते हुये डिप्टी मेयर श्री खां ने कहा कि हम इस मामले में क्यों हाथ डालें. नगर आयुक्त स्वयं इस मामले को देखेंगे.
एजेंडा तैयार करने में घालमेल
स्थायी समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के लिए तैयार किये गये एजेंडे में व्यापक पैमाने पर घालमेल किया गया. एक ही योजना को राशि बदल कर अलग-अलग एजेंडा में शामिल कर दिया गया है. इस गड़बड़ी की ओर समिति के सदस्यों ने ही इशारा किया. बैठक में स्वीकृति के लिये लाये गये 87 ऐजेंडों में पैसो का अंतर कर जिन एजेंडों में एक ही योजना को रखा गया है उन एजेंडों में चार, 15, 21, 31, 34 व 41 शामिल है. इस पर सदस्यों ने गहरी नाराजगी जाहिर की.
दरभंगा टावर की बंद घड़ी होगी ठीक
बैठक में सदस्य अजय जालान ने दरभंगा टावर की बंद पड़ी घड़ियों को ठीक कराये जाने का मुद्दा उठाया. नगर आयुक्त श्री सिंह ने इस पर सहमति जतायी. एजेंडा नंबर 49 में सैदनगर से एकमीघाट तक नाले की सफाई 20 दैनिक मजदूरों पर अनुमानित व्यय 25 लाख रूपये की राशि दिखाये जाने पर सवाल खड़ा किया. उनका कहना था कि व्यय की राशि कितने दिनों की है. राशि कम की जाये या लेवर की संख्या व मशीन बढ़ाये जाने की बात कही है.
पीड़ितों को नहीं मिली पन्नी: पार्षद रियासत अली ने बैठक में बाढ़ पीड़ितों को पन्नी उपलब्ध नहीं कराये जाने पर सवाल खड़ा किया. उनका कहना था कि आनन-फानन में बैठक किये जाने के एक माह बाद भी अब तक पन्नी क्यों नही उपलब्ध करवाया गया. जवाब में नगर आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि पीड़ितों की सूची पार्षदों से मांगी गयी थी, लेकिन उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण देरी हो रही है.