दरभंगा : ब्लड चढ़ाने से छह मरीजों की मौत तथा आउटसोर्स पर सुरक्षा गार्ड रखे जाने में घोटाले के साथ-साथ चिकित्सा व्यवस्था की जांच करने पटना से स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर इन चीफ डॉ. आरडी रंजन के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम शनिवार को डीएमसीएच पहुंची. अस्पताल की व्यवस्था से रूबरू होने के बाद डॉ रंजन ने साफ शब्दों में कहा कि डीएमसीएच का पूरा सिस्टम कोलेप्स कर गया है. पत्रकारों ने डायरेक्टर आफ चीफ को बताया कि कई विभागाध्यक्षों के अलावा अधिकांश वरीय चिकित्सक ड्यूटी पर नहीं आते.
रोस्टर ड्यूटी का कहीं डिस्पले नहीं रहता है. अस्पताल जूनियर डॉक्टरों पर आश्रित हो चुका है. दवा रहने के बाद भी बाहर की दवा लिखी जाती है. मरीजों का समय से अल्ट्रासाउंड नहीं होता है. शिशु रोग व गायनिक का अल्ट्रासाउंड वर्षों से बंद है.
