दहशत. रिसाव तेज, मरम्मत में जुटा नगर निगम प्रशासन
दरभंगा : शहर में बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है. लगातार शहरी क्षेत्र में बागमती नदी के पानी के प्रवेश से चिंतित लोगों के बीच शुक्रवार की शाम उस समय दशहत गहरा गया जब किलाघाट में शहरी सुरक्षा बांध की दीवार दरक गयी. इससे रिसाव तेज हो गया है. तेजी से पानी शहर की ओर प्रवेश करने लगा है. इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा ने निगम परिसर में रखी मिट्टी भरी बोरी को निगम के तीन ट्रैक्टरों पर लाद आनन-फानन में भेजा.
मौके पर मौजूद वार्ड 21 के पार्षद पति नवीन सिन्हा व 29 के पूर्व पार्षद मुन्ना खां ने स्थानीय लोगों की मदद से मिट्टी भरे बोरे को रख हो रहे रिसाव को बंद करने के प्रयास में जुटे दिखे. यह खबर फैलते ही लोगों की भीड़ किलाघाट पुल के समीप उमड़ पड़ी. मौके पर मौजूद लोगों को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. इधर बांध टूटने के बाद नगर क्षेत्र में पानी प्रवेश करने की आशंका से सभी दहशत व तनाव में दिख रहे थे.
इधर नाला के रास्ते शहर में बागमती के पानी का लगातार प्रवेश जारी है. नगर निगम कार्यालय में नदी का पानी प्रवेश कर गया है. धीरे-धीरे नदी का पानी सीएम सांईस कालेज व आस-पास के इलाके में फैल गया है. नए क्षेत्र में इसका फैलाव जारी है. सनद रहे कि शुक्रवार को नए क्षेत्र शिवाजीनगर, मशरफ बाजार, गुल्लोबाड़ा, गुदरी के अलावा भगवान दास मुहल्ला, जेपी चौक, सुंदरपुर, बेला, कादिराबाद, आजमनगर में पानी फैल गया है. इमलीघाट, बालूघाट, मिश्रीगंज, काले खां, बाजितपुर, कबराघाट, बंग्लागढ़, शुभंकरपुर, रत्नोपट्टी, चतरिया, महदौली, अभंडा, सैदनगर, जनकपुरी, खराजपुर, केलवागाछी आदि की स्थिति काफी विकट बनी हुई है. लोगों को घरों में तीन से पांच फीट तक पानी जमा है. लोग शरणागत बने हुए हैं. प्रशासन की ओर से राहत व बचाव कार्य आरंभ नहीं हो सका है.
आमजन भी मरम्मत में कर रहे सहयोग
शहर में नाला के जरिये पानी का प्रवेश जारी
दर्जनभर नये मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी
टाउन हॉल, निगम व सीएम साइंस कॉलेज डूबे
