दरभंगा : प्रशासनिक लापरवाही की वजह से बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है. गुरुवार को भवन निर्माण मंत्री सह जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने पत्रकारों से यह बात कही. सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने गौड़ाबौड़ाम, तारडीह, घनश्यामपुर, बिरौल, कुशेश्वरस्थान आदि प्रखंड का दौरा करने के बाद यह पाया कि प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया जा सका है.
उन्होंने कहा कि कुछ प्रखंड को छोड़ प्रशासनिक तैयारी कहीं नजर नहीं आई है. तैयारी की जानकारी जिला से जो दी गई थी वह फेक थी. सरकार की ओर से समय-समय पर जानकारी ली जा रही थी. डिमांड के अनुसार कोई कमी नहीं की गई थी. सरकार ने लापरवाही नहीं बरती है. श्री हजारी ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल ने लापरवाही बरती है. बांध की मरम्मत नहीं की गई थी. स्लुइस गेट किसी काम का नहीं है. कई पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है. पत्रकारों द्वारा जब बाढ पूर्व तैयारी के बावत पूछा गया तो उन्होंने स्वीकारा कि इस संबंध में उन्हें विशेष जानकारी नहीं है. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जानकारी लेने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
