निर्णय ऊंचे शरण स्थलों पर की जाएगी पेयजल सुविधा की व्यवस्था
डीएम ने तलब की लघु सिंचाई विभाग के ऑपरेटरों की सूची
दरभंगा : जिला पदाधिकारी डॉ चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को तकनीकि पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसमें जिले में चल रही सभी पुरानी एवं नयी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को जिले में बनने वाले महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को हर घर नल का जल योजना के तहत विभागीय लक्ष्य को पूरा करने को कहा गया. आपदा प्रबंधन विभाग के प्रभारी को बाढ़ के दौरान चिन्ह्ति ऊंचे शरण स्थलों पर पेयजल की सुविधा के लिए संबंधित बीडीओ से सर्वेक्षण करवाने का निर्देश दिया गया,
ताकि पीएचईडी वहां पेयजल की सुविधा के लिए चापाकल गड़वा सके. वैसे स्थलों पर खराब चापाकलों की मरम्मति भी करवाने को कहा गया. लघु सिंचाई विभाग के अभियंता को कार्यरत ऑपरेटरों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. शहरी सुरक्षा हेतु बनाये गए तटबंध में सुरक्षात्मक गेटों की मरम्मति एवं आवश्यक रख-रखाव करने का निर्देश बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता को दिया गया. कार्यपालक अभियंता को अगली बैठक में सभी गेटों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर आने को कहा गया. जिला योजना कार्यालय के कार्य-कलापो की समीक्षा के क्रम में अधिकारी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. डीएम ने इस पर नाखुशी जाहिर करते हुए अधिकारी को अगली बैठक के पूर्व अद्यतन स्थिति के साथ प्रतिवेदन लेकर आने को कहा. बैठक में विकास शाखा प्रभारी रमेश कुमार सुमन, डीपीआरओ कन्हैया कुमार, जिला योजना पदाधिकारी, प्रमुख तकनीकि विभागों के कार्यपालक अभियंतागण, सहायक अभियंतागण व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे.
