दरभंगा : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को समाहरणालय स्थित स्थापना प्रशाखा का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कार्यालय में रखे अभिलेख, संचिका, अनुक्रमणिका पंजी, आकस्मिक अवकाश पंजी, बायोमेट्रिक उपस्थिति विवरणी, प्राप्त पत्रों की पंजी, निर्गत पत्रों की पंजी, प्रधान लिपिक का नोटबुक, संचिका संधारण पंजियों का संधारण, कर्म पुस्तिका, सेवा पुस्तिका, रक्षित संचिका, चरित्र पुस्तिका, वित्तीय उन्नयन संबंधी एसीपी, एमएससीपी पंजी,
सामान्य प्रोन्नति विभागीय कार्यवाही पंजी, जिला अनुकंपा समिति के गत बैठक की संचिका आदि की बारीकी से जांच की. डीएम श्री सिंह 10.30 बजे प्रशाखा पहुंचे थे. डीएम ने प्रशाखा पदाधिकारी रमेशचंद्र चौधरी, प्रधान लिपिक एवं लिपिक को कई निर्देश दिए. साथ ही चतुर्थवर्गीय कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्यालय की साफ- सफाई पर पूरी तरह से नजर रखें. उपस्थित आईटी सहायकों, संविदा कर्मियों एवं अन्य कर्मियों से कहा कि संचिका अप-टू-डेट रखें. मृतक कर्मचारियों के आश्रितों एवं पीड़ितों द्वारा शिकायत पर स्पष्टीकरण पूछते हुए प्रपत्र गठित किये जाने की बात डीएम ने कही. प्रशाखा पदाधिकारी रमेशचंद्र चौधरी ने कर्मियों की कमी को डीएम श्री सिंह के समक्ष रखा. डीएम ने रिक्ति सूची तैयार करने का निर्देश दिया.
