दो घंटे तक ठप रहा पकड़ी-आशापुर मुख्य पथ पर आवागमन
अलीनगर : प्रखंड के अंदौली गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर पकड़ी-आशापुर मुख्य सड़क को बसवा चौक के निकट करीब दो घंटे तक जाम रखा. इससे यातायात अवरुद्ध रहा. सूचना पर पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ एवं अलीनगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह की पहल पर लोगों ने जाम हटाया.
मौके पर अपनी मांग से संबंधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा. जाम का नेतृत्व युवा नेता प्रभाकर झा कर रहे थे. इसमें मजे की बात यह थी कि मुखिया अरुण कुमार पासवान भी भाग ले रहे थे. लोगों का कहना था कि बसवा चौक से अंदौली गांव जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गयी है. सम्पूर्ण गांव में इस सड़क की स्थिति और भी बदतर है जिस पर पैदल चलना भी मुश्किल होता है, किन्तु इसपर किसी का ध्यान नहीं गया है. इसलिये इसे अगर जल्द नहीं बनाया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा. सड़क जाम करनेवालों में भोला झा, राजू झा, प्रयाग मुखिया, मनोज कुमार झा एवं प्रखंड जदयू के उपाध्यक्ष विमल कुमार झा सहित कई ग्रामीण स्त्री व पुरुष शामिल थे.
