खुशी. दरभंगा से हवाई उड़ान शुरू होने की उम्मीद
दरभंगा : केंद्र और बिहार सरकार के बीच हुए समझौते के बाद दरभंगा समेत राज्य के दूसरे कई शहरों से नॉन शिड्यूल विमान सेवा शुरू किये जाने को हरी झंडी मिल गयी है. लंबे इंतजार के बाद मिथिलावासियों को यह खुशी मिली है. एक बार फिर से यहां के लोगों के मन में हिलोरे मारने लगा है कि अब जल्द ही वे दरभंगा से दूसरे बड़े शहरों के लिये उड़ान भर सकेंगे.
शुक्रवार को इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री अशोक गणपति राजू और सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर हुये. मौके पर मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, केंद्रीय नागर विमानन के सचिव आरएन चौबे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, भारतीय नागर विमानन प्राधिकरण के अध्यक्ष गुरू प्रसाद महापात्रा आदि मौजूद थे. बता दें कि रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत फिलहाल दरभंगा,
मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा और बाल्मिकीनगर, रक्सौल हवाई अड्डों का चयन किया गया है. इन्हें पटना और गया एयरपोर्ट से कनेक्ट किया जाएगा. इन सेवाओं को सस्ती दर पर उपलब्ध कराने के लिये बिहार सरकार नाइट चार्ज, लैडिंग व पार्किंग शुल्क नहीं लेगी. साथ ही सरकार बिजली और पानी की सुविधा भी मुहैया करायेगी.
पहले भी उड़ान भर चुका है स्प्रीट एयरवेज का विमान
दरभंगा में पहले भी निजी कंपनी स्प्रीट एयरवेज कंपनी सेवा शुरू कर चुकी है. कंपनी का पहला प्रयास असफल रहा था. करीब तीन साल पहले कंपनी का विमान यहां उतरते समय ही रनवे से फिसल गया था. टिकट कटाकर उड़ान भरने को तैयार कई लोग निराश होकर वापस लौट गये थे. इसके बाद कंपनी ने इस योजना को कुछ समय के लिए टाल दिया गया था. 15 जून 2015 को स्प्रीट एयरवेज की सेवा फिर शुरू हुई. विमान की पहली यात्रा में शहर के जितेन्द्र कुमार पत्नी प्रतिभा मंडल और एक साल के बेटे अनंत के साथ कोलकाता के लिये उड़ान भरे. लेकिन कई कारणों से कंपनी एक उड़ान के बाद सेवा बंद कर दी. अब सरकारी विमान सेवा की पहल का लोग फायदा उठा सकेंगे.
