आफत की बारिश कहर बन कर बरसी

भारी बारिश . लगातार हो रही बरसात से शहर में बाढ़ जैसे हालात, पूरा शहर हुआ जलमग्न दरभंगा : पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण सदर प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यायल, सदर थाना से लेकर कबीरचक पंचायत पूरी तरह से जलमग्न हो गया है. पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश […]

भारी बारिश . लगातार हो रही बरसात से शहर में बाढ़ जैसे हालात, पूरा शहर हुआ जलमग्न

दरभंगा : पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण सदर प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यायल, सदर थाना से लेकर कबीरचक पंचायत पूरी तरह से जलमग्न हो गया है. पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सदर प्रखंड कार्यालय में दो फीट पानी घुस गया है. पानी घुस जाने के कारण सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचने की बात बतायी जा रही है. इधर कबीरचक पंचायत में दो सौ घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया है. इससे लोगों में अफरा-तफरी मची हुयी है.
हाल यह है कि पंचायत के रामपुरकासिम टोला में लोगों के घरों में चार से पांच फीट पानी घुस जाने के कारण टोला के करीब पांच दर्जन परिवार के लोगों को पलायन करना पड़ा. पलायन करने वाले लोग सामान व पूरे परिवार के साथ मध्य विद्यालय मथुरापुर में शरण लिये हुये हैं.
ढह गयी बाइपास सड़क
एकमी घाट से शोभन तक जाने वाली साढे नौ किलोमीटर लंबी बाइपास सड़क बारिश की पहली बौछार नहीं सक सकी. एकमी घाट में चांडी पुल के पास सड़क कई टुकड़े में फट गया है. जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाइपास पर पहुंच गये तथा दोनों तरफ खड़ा होकर वाहनों का परिचालन रोक दिया है, ताकि कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाए. बाद में जिला पदाधिकारी एवं पथ निर्माण विभाग को ग्रामीणों ने इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने पर पथ निर्माण विभाग इंजीनियर, जेसीबी, ट्रैक्टर तथा मजदूरों को भेजकर कई टुकड़ों में बंटी सड़क की मरम्मत में जुटा है. सड़क चांडी पुल के दोनों तरफ खंड-खंड में बंट गया है.
तारालाही के मुखिया पति मो. मुख्तार अहमद, मो. इस्माइल, मो. सगीर, नूर आलम, मुबारक हुसैन, मनोज कुमार सिंह, नूर मोहम्मद, रहमत अली, बरकत अली, यासमीन खातून, मो. लाडले, सुफियान, मो. मन्नू, सद्दाम अहमद रेजा आदि का कहना है कि सड़क एवं पुल निर्माण में स्तरहीन मटेरियल का उपयोग किया गया है. राशि का बंदरबांट हुआ है. इस वजह से सड़क एक बरसात भी बर्दाश्त नहीं कर सका. बाढ का इलाका है. पता नहीं सड़क कितना दिन टिक पायेगा.
निर्माण कार्य में तेजी के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़क : पथ निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर गजेंद्र चौधरी ने बताया कि सड़क के सेटलमेंट होने में थोड़ा वक्त लगता है. अधिक बरसात होने के कारण मिट्टी धसने से सड़क फट गया है. इसकी मरम्मत की जा रही है. फिलहाल मिट्टी पत्थर से इसे भरा जा रहा है. अक्टूबर महीने में इस पर पिचिंग की जाएगी. वहीं कनीय अभियंता प्रेम कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से किये जाने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुआ है. सड़क को बनने में थोड़ा और समय दिया जाता तो ऐसी हालत नहीं होती. मरम्मत का कार्य किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >