बाहर से मंगाये गये ढाई दर्जन पुलिस पदाधिकारी व 500 जवान
वििभन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
दरभंगा : चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सड़क मार्ग से दरभंगा आयेंगे. सीएम नीतीश कुमार डीएमसी सभागार में दस हजार इकतालिस करोड़ तिरेसठ लाख की लागत से निर्माण होने वाले 26 योजनाओं का शिलान्यास के साथ-साथ आठ हजार पांच सौ सैंतीस करोड़ तिरेसठ लाख की लागत से निर्मित 35 योजनाओं का एक साथ उद्घाटन करेंगे. सीएम के कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की है.
जिले के पुलिस पदाधिकारी के अलावा विभिन्न जिलों से दो डीएसपी, तीस पुलिस पदाधिकारी व पांच सौ पुलिस बल मंगाये गये हैं. एसएसपी सत्य वीर सिंह ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम के लिये पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. दो सौ से अधिक स्थानों पर बल की तैनाती की गयी है. बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर दो बजे दिन से मुख्यमंत्री के परिसदन में आगमन तक समस्तीपुर-लहेरियासराय मार्ग पर यातायात को अवरूद्ध किया जायेगा.
सीएम नीतीश कुमार 11:30 बजे पटना सड़क मार्ग से निकलेंगे. पटना से भाया मुजफ्फरपुर के रास्ते शोभन-एकमीघाट बाईपास व एकमीघाट होते हुये दोपहर दो बजे दरभंगा परिसदन पहुंचेंगे. वहीं चार बजे परिसदन से डीएमसी ऑडिटोरियम पहुंचेंगे. जहां कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम समाप्ति के बाद 5:30 बजे बेनीपुर स्थित विधायक सुनील चौधरी के आवास पर जायेंगे. आधे घंटे रूकने के बाद सीएम करीब 6:30 बजे सड़क मार्ग से सुपौल बीरपुर के लिए प्रस्थान कर जायेंगे.
डीएमसी परिसर सजधज कर तैयार
मुख्यमंत्री के आगमन को ले डीएमसी परिसर को सजाया-संवारा जा रहा है. डीएमसीएच व आसपास के परिसर को साफ करने के लिए निगम के सफाई कर्मी तीन शिफ्ट में काम कर रहे हैं. सड़कों के गड्ढों को भरा जा रहा है. सड़क किनारे अवैध तरीके से लगे दुकानों को हटाया जा रहा है. दिवारों को फिर से रंग रोगन किया जा रहा है. परिसर स्थित पेड़ पौधों को पानी पटाकर हरा भरा किया जा रहा है.
