भाजपा जिलाध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में घमसान तेज, कुरूक्षेत्र में लड़ने के लिए कई योद्धा तैयार
जून माह में होने वाला है चुनाव, वर्तमान जिलाध्यक्ष पद छोड़ने की कर चुके हैं घोषणा
बेतिया : भाजपा संगठन में महाभारत की जमीन तैयार होने लगी है़ संजय ‘हस्तिनापुर’ छोड़ने की घोषणा कर चुके है़ं लिहाजा ताज पर कई सेनापतियों की नजर है़ घमासान तेज है़ कई योद्धा कुरूक्षेत्र में लड़ने को बेताब है़ं
नतीजा कौरव और पाडंव रूपी सेना को रिझाने के संग ही संगठन के द्रोण व भीष्म तक को अपने पक्ष में करने की जुगत हो रही है़ इन सबके बीच संगठन का शकुनी भी अपनी चाल बखूबी चल रहा है तो दुर्योधन जैसे शत्रु भी तैयार है़ं ताज तो उन्हें ही मिलेगी, जिसके साथ द्वारिका की गद्दी पर विराजमान कृष्ण रूपी छलिया होगा़
हम बात कर रहे हैं भारतीय जनता पार्टी संगठन के जिलाध्यक्ष पद के लिए जून माह में होने वाले चुनाव की़ वर्तमान जिलाध्यक्ष संजय कुमार पाण्डेय ने पहले ही पद छोड़ने की घोषणा कर दी है़ लिहाजा इस पद के लिए सबसे अधिक मारामारी व दावेदारी है़ जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में पार्टी के कई धुरंधर नेता शामिल है़ इसमें तो कई दिन-रात एक किये हुए हैं, जबकि कुछ को पार्टी पर भरोसा है कि उन्हें समर्पित कार्यकर्ता होने का रिजल्ट इस कुरसी के रूप में मिलेगा़
भाजपा सूत्रों की माने तो भाजपा के मोहन मुरारी पांडेय, आनंद सिंह, दीपेंद्र सर्राफ, शिवेंद्र शिबू, विजय रंजन ठाकुर, विजय श्रीवास्तव, बबुआ जी दूबे, सत्येंद्र शरण जैसे नामों की चर्चा है, जो जिलाध्यक्ष पद की आस लगाये हुए है़ं फिलहाल फैसला फिर उन्हीं ‘हराऊ’ कार्यकर्ताओं के हाथ में हैं, जो 15 सालों तक कुरसी तक विराजमान रहीं ‘दीदी’ को विधानसभा चुनाव में हार का मुंह दिखा चुके है़ं बहरहाल जिलाध्यक्ष जो भी बनेगा, उसे विरासत में संगठन की खींचतान मिलेगी़ अंर्तकलह से सामना होगा़ पार्टी के ‘गद्दारों’ से निपटना होगा़
सामने कड़ी चुनौती होगी कि सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाये़ इधर, पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय कुमार पाण्डेय का कहना है कि संगठन के चुनाव को लेकर तैयारी चल रही है़ मंडल प्रभारी बनाये जा चुके है़ं जिलाध्यक्ष के लिए कौन दौड़ में इस बारे में अभी मैं कुछ नहीं कह सकता़
अगड़ी-पिछड़ी में फंसी नरकटियागंज की दावेदारी
नरकटियागंज में भाजपा नगर अध्यक्ष पद की दावेदारी अगड़ी पिछड़ी की पेंच में फंस गई है़ अध्यक्ष पद के कई दावेदार सांसद सतीश चन्द्र दुबे के बंगले झाकते नजर आ रहे है़ सांसद के यहां आने के साथ ही भाजपाईयों और खासकर अध्यक्ष पद के दावेदारो की गतिविधि बढ़ जा रही है़ कुछ लोग शहरी क्षेत्र में ब्राह्मण और ग्रामीण इलाके में बनिया तो कुछ पहले की ही तरह सीट को बरकरार रखे जाने की फिराक में है़
भाजपा के नगर और ग्रामीण दोनों अध्यक्षों का कार्यकाल इस बार समाप्त हो रहा है़ ऐसे में नगर में किसके सर अध्यक्ष पद का ताज चढ़ेगा दावेदारों की फेहरिस्त लंबी है़ जानकारी के अनुसार अगर अगड़ी जाति के अध्यक्ष बनाने की बात सामने आती है तो उमेश तिवारी,मनोज कुमार दुबे,अमित बनर्जी,रंजन ओझा समेत कई है
जो दौड़ में आगे है़ वही पिछड़ी जाति में जो नाम चर्चा में है उनमें पुर्व अध्यक्ष गणेश जायसवाल,राजेश जायसवाल, पिंटू कुमार आदि शामिल है़ सूत्रों की मानें तो नप सभापित सुनील कुमार नगर में अगड़ी जाति से अध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में है और ग्रामीण क्षेत्र में पिछड़ी से़ बहरहाल सब की निगाहें सांसद की ओर टिकी है.
