आधा दर्जन शराब भट्ठियां ध्वस्त

बसवरिया के अंबेदकरनगर व नौरंगाबाग के दर्जनों घरों की स्नीफर डॉग स्क्वायड की मदद से ली गयी तलाशी बेतिया : शहर में चलाये गये विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने गुरुवार की सुबह बसवरिया अंबेडकर नगर व नौंरेगाबाग के आधा दर्जन घरों में चल रही शराब की भठ्ठियां पायी गयी. पुलिस ने इन घरों से […]

बसवरिया के अंबेदकरनगर व नौरंगाबाग के दर्जनों घरों की स्नीफर डॉग स्क्वायड की मदद से ली गयी तलाशी

बेतिया : शहर में चलाये गये विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने गुरुवार की सुबह बसवरिया अंबेडकर नगर व नौंरेगाबाग के आधा दर्जन घरों में चल रही शराब की भठ्ठियां पायी गयी. पुलिस ने इन घरों से शराब बनाने के उपकरण व शराब कारोबार में प्रयुक्त हो रहे बाइकों को भी जब्त किया है. मौके पर चार सौ लीटर अर्द्धनिर्मित शराब भी नालियों में बहा दी गयी. वहीं छह गैलन व दो बोतलों में रखे तैयार शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया. नगर में शराब कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस ने यह अभियान पटना के मद्य निषेध के टॉल फ्री नंबर पर मिली शिकायत के आधार पर की.
विभाग को स्थानीय लोगों ने फोन कर अम्बेडकर नगर व नौरंगाबाग में शराब बनाकर कारोबार करने का धंधा जोरों पर चलने की जानकारी दी थी. इसको लेकर उत्पाद विभाग, स्नीफर डॉग स्क्वायड व अनुमंडल पुलिस की टीम ने सम्मिलित रुप से छापेमारी कर घरों में चल रहे शराब के आधा दर्जन भट्ठियों का पता लगाकर ध्वस्त कर दिया. पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार बाइक, चार गैस सिलेंडर, चार चूल्हा व शराब बनाने में प्रयोग किए जाने वाला मीठा भारी मात्रा में बरामद किया है.
नगर थानाध्यक्ष शशि भूषण ठाकुर ने बताया कि बसवरिया अंबेडकर नगर से अभिषेक कुमार, रमेश कुमार, गुदर राम व गीता देवी को हिरासत में लिया गया है. विभाग को मिले सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में नगर थानाध्यक्ष शशिभूषण ठाकुर, योगापट्टी इंस्पेक्टर राकेश कुमार भास्कर, श्रीराम सिंह, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार, बानुछापर ओपी प्रभारी नवीन कुमार, मनुआपुल प्रभारी निर्भय कुमार राय, कालीबाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार के साथ अनुमंडल के एक दर्जन थानों की पुलिस ने सुबह पांच बजे से ही छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान किराना व्यवसायी रमेश राम के घर से शराब बनाने में प्रयोग होने वाला मीठा बड़ी मात्रा में बरामद किया गया. बाद अधिकारियों का दल अंबेदकर नगर से नौरंगाबाग पहुंची. वहां तीन-चार संदिग्ध कारोबारियों के घरों की तलाशी पुलिस ली गयी, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा.
बाइक व शराब समेत कारोबारी गिरफ्तार : कोतवाली चौक के समीप पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक से शराब लेकर जा रहे हाट सरैया के मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से सात पाउच शराब बरामद हुए. थानाध्यक्ष शशिभूषण ठाकुर ने बताया कि सुबह छह बजे वाहन चेकिंग के दौरान मुकेश कुमार पुलिस देखकर बाइक घुमाकर भागने लगा. अधिकारियों ने पीछा कर उसे पकड़ा. तलाशी लेने पर डिक्की से देशी शराब की सात पाउच पुलिस के हाथ लगी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >