आस्था का महापर्व. छठ व्रतियों ने खरना का प्रसाद किया ग्रहण
बेतिया : सूर्योपासना एवं लोक आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर शहर समेत जिले के विभिन्न छठ घाट व्रतियों के स्वागत के लिए सज-धज कर तैयार है. शहर के सागर पोखरा, दुर्गाबाग पोखरा, हरिवाटिका पोखरा, संतघाट, कालीधाम पोखरा, उतरवारी पोखरा, स्टेशन पोखरा, पथरीघाट शिवालाघाट आदि विभिन्न घाटों को सजने संवारने का कार्य पूरा कर लिया गया है. बुधवार को व्रती महिलाओं ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया. इसके साथ ही उपवास शुरू हो गया. आज महिलाएं घाटों पर डूबते हुए सूर्य को अर्घ देंगी.
छठ को लेकर जहां घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया है. वहीं दूसरी ओर बाजार में भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहर के विभिन्न लोग छठ के सामान एवं कपड़े आदि खरीदने के लिए उमड़ पड़े हैं. स्थिति यह है कि बाजार में तिल रखने की भी जगह नहीं है. बाजार में भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गयी हैं फिर भी भीड़ है कि हटने का नाम ही नहीं ले रही है. तो दूसरी ओर घाटों पर बिजली-बत्ती व चंदोवा टांगने का काम अब अंतिम चरण में है.
आसमान छूती महंगाई के बावजूद हर वर्ग के लोग छठ की खरीदारी में व्यस्त है. बाजारों में रेडिमेड कपड़े की दुकानों, साड़ी की दुकानों, आभूषण की दुकानों, शृंगार प्रसाधन की दुकानों, किराना दुकानों सहित अन्य दुकानों पर खरीदारों की अपार भीड़ देखते बनती है.
सायंकालीन अर्घ आज
गुरुवार को सायं अर्घ 4.50 से 5.20 तक
शुक्रवार को प्रात: अर्घ 6.16 से शुरू
डीएम-एसपी ने सौहार्दपूर्ण माहौल में छठ करने की अपील की : जिलाधिकारी डाॅ निलेश रामचंद्र देवरे एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने पश्चिम चंपारण वासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देने के साथ ही लोगो से अपील की है कि वे किसी के बहकावे या अफवाह फैलाने के चक्कर में नहीं आवे. शांति एवं सौहार्द के बीच छठ का आनंद उठायें. पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न घाटों पर मनचलों पर निगरानी रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिस बल की तैनाती भी करने का आदेश दिया है. जिलाधिकारी ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती का भी आदेश जारी किया है.
