बेतिया : सभापति गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि छठ घाट व अन्य जगहों पर गंदगी का कारण अतिक्रमण है. अतिक्रमण के कारण ही गंदगी फैल रही है. इसके लिए शहर के सभी छठ घाटों को चिह्नित किया जाय.
लोक आस्था के पर्व छठ से पहले घाटों से हर हाल में अतिक्रमण हटाया जाये. सोमवार को नगर परिषद में सशक्त समिति के बैठक के दौरान सभापति गरिमा देवी ने कही. उन्होंने कहा कि छठ घाटों के अलावे अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर अतिक्रमण हटाने के लिए डीएम व एसडीएम से मदद ली जायेगी. सभापति ने कहा कि छठ पर्व पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. इसके लिए सफाई कर्मियों के अलावे पर्यवेक्षक की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसके बावजूद सफाई में कर्मी की लगातार शिकायत मिल रही हैं. अगर सफाई व्यवस्था में किसी तरह की कमी मिली, तो संबंधित सफाई टीम पर कार्रवाई तय है.
सशक्त समिति के बैठक के दौरान छठ पर्व पर विशेष सफाई, लाइटिंग सहित कई अन्य योजनाओं पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. बैठक में उपसभापति क्यूम अंसारी, इओ डाॅ विपिन कुमार, सशक्त समिति के सदस्य संजय कुमार सिंह उर्फ छोटे सिंह, शहनाज खातून, रमाकांत महतो आदि मौजूद रहे.
विभाग अलर्ट, अगलगी पर रोक की तैयारी पूरी : बेतिया. आस्था के महान पर्व छठ पर 26 व 27 अक्तूबर को अगलगी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अग्निशमन विभाग ने कमर कस लिया है और इस बाबत एलर्ट घोषित किया है. वहीं चार वाहनों के साथ चालक व तीन अग्निकों की टीमों का गठन किया है. अग्निशमन पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छठघाटों पर किसी तरह की अगलगी की घटना से निपटने की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. इस क्रम में विभाग के पास उपलब्ध तीन बड़ी एवं एमटी वाहन में पानी व ईंधन भरकर तैयार हैं. इन वाहनों के लिए तीन अग्निक व चालक समेत चार टीमें तैयार की गयी हैं. ताकि अगलगी की घटना की सूचना पर घटनास्थल के लिए टीम को रवाना की जा सके.
और विशेष परिस्थिति में किसी घटना पर नियंत्रण पाया जा सके.
सशक्त समिति की बैठक में कई योजनाओं पर लिया गया निर्णय
सभापति ने कहा, छठ घाटों की साफ-सफाई में कोताही दिखी, तो संबंधित कर्मचारियों की टीम पर होगी कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला प्रशासन
से ली जायेगी मदद
पर्यवेक्षक भी प्रतिनियुक्त
