बक्सर में शराब तस्करों की दबंगई, पुलिस को देख बैरियर तोड़ 100 मीटर तक घसीटा, XUV से 184 लीटर शराब बरामद

बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर शराब तस्कर ने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने लग्जरी कार से 184 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

बक्सर. शराब तस्करों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका नजारा वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर देखने को मिला. मद्य निषेध पुलिस की टीम को देखते ही एक लग्जरी कार के चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की. इस दौरान उसने चेक पोस्ट का बैरियर तोड़ दिया और उसे करीब 100 मीटर तक गाड़ी के साथ घसीटते हुए ले गया. हालांकि आगे जाकर कार डिवाइडर से टकरा गई. मौके का फायदा उठाकर चालक और तस्कर अंधेरे में फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया.

कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस के अनुसार महिंद्रा XUV 500 से 184.500 लीटर विदेशी शराब मिली है. शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और फरार तस्करों की पहचान में जुट गई है.

पुलिस को देखते ही भागने लगा चालक

मद्य निषेध सह उत्पाद निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश शुरू कर दी.

भागने के दौरान कार ने चेक पोस्ट का बैरियर तोड़ दिया. बैरियर कार में फंस गया और चालक उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. पुलिस टीम ने पीछा किया तो आगे जाकर कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई.

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए तस्कर

डिवाइडर से टकराने के बाद वाहन रुक गया. पुलिस टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक चालक और उसके साथ मौजूद तस्कर कार छोड़कर फरार हो चुके थे. अंधेरा होने के कारण दोनों मौके से भागने में सफल रहे.

इसके बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन के अंदर विदेशी ब्रांड की शराब बरामद हुई.

1025 बोतलों में मिली 184.500 लीटर शराब

मद्य निषेध अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेक पोस्ट से महिंद्रा XUV 500 को शराब के साथ जब्त किया गया है. वाहन से AFTER DARK Whisky की 1025 बोतलें बरामद हुई हैं. प्रत्येक बोतल 180 एमएल की है. इन सभी बोतलों में कुल 184.500 लीटर शराब पाई गई.

पुलिस अब जब्त वाहन के मालिक और फरार तस्करों का पता लगाने में जुटी है. वाहन के आधार पर तस्करों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

अधिकारी ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >